Home मोहनिया मुखिया के घर फायरिंग कांड का खुलासा, चारों नामजद आरोपी गिरफ्तार

मुखिया के घर फायरिंग कांड का खुलासा, चारों नामजद आरोपी गिरफ्तार

कैमूर में मुखिया के घर गोलीबारी मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार

Bihar: कैमूर जिले के मोहनियां थाना क्षेत्र के डंडवास पंचायत के मुखिया राजेश प्रजापति के घर पर हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए दो और नामजद आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सोनू तिवारी और बबलू चौबे के रूप में बताई गई है। दोनों को भभुआ थाना क्षेत्र के ददरा गांव के समीप भारतमाला परियोजना के निर्माण स्थल से पकड़ा गया। इस मामले में इससे पहले एक आरोपित विनय पांडे को गिरफ्तार किया गया था, जबकि दूसरे नामजद आरोपित बबलू तिवारी ने पुलिस के बढ़ते दबाव के बीच शनिवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था। पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई के साथ ही मामले में नामजद चारों आरोपितों की गिरफ्तारी पूरी हो गई है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

22 अक्टूबर को मुखिया के घर हुई थी गोलीबारी

घटना बीते 22 अक्टूबर की है, जब डंडवास गांव में बाइक सवार अपराधियों ने पंचायत के मुखिया राजेश प्रजापति के घर पर गोलीबारी की थी। घटना के बाद मुखिया ने चार लोगों को नामजद आरोपित बनाते हुए मोहनियां थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच और छापेमारी शुरू की। इसी क्रम में अगले दिन विनय पांडे को गिरफ्तार कर लिया गया था। इसके बाद एक अन्य आरोपित ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया, जबकि शेष दो आरोपितों को पुलिस ने निर्माण स्थल से गिरफ्तार किया।

 आरोपितों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस

मोहनियां के एसडीपीओ गोपाल कृष्ण ने मंगलवार को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपितों सोनू तिवारी और बबलू चौबे के विरुद्ध मोहनियां समेत अन्य थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि गोलीबारी की घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। अब पुलिस की जांच का मुख्य फोकस घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी और गोलीबारी से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल पर है।

 

Exit mobile version