Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब एक बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक कंटेनर में बड़ी संख्या में मवेशियों को लादकर औरंगाबाद की ओर से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही कैमूर एसपी शिखर चौधरी के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस टीम गठित की गई। गठित टीम ने सूचना के आधार पर डाला मोड़ के समीप NH-19 पर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध कंटेनर को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कंटेनर के अंदर 147 भैंसें मिलीं, जिन्हें काफी संख्या में एक साथ बांधकर रखा गया था।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गिरफ्तार चालक ने बताया कि मवेशियों को उत्तर प्रदेश पहुंचाया जाना था, जहां उन्हें मालिक को सौंपे जाने के बाद कथित रूप से कटवाया जाना था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जहानाबाद जिले के जामुल गांव निवासी मोहम्मद सागील के पुत्र मोहम्मद तपसील के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे कंटेनर चालक बताया है। दुर्गावती थानाध्यक्ष गिरीश कुमार ने बताया कि बरामद मवेशियों और गिरफ्तार आरोपी के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी संख्या में मवेशियों को कहां से लाया गया था और इस तस्करी में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।



