Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

घर लौटते समय काल बनकर आया पिकअप
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की रात करीब 9:30 बजे तीनों युवक बाइक से उत्तर प्रदेश के नौबतपुर की ओर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान नौबतपुर के समीप उनकी बाइक एक अज्ञात पिकअप वाहन की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय स्तर पर मदद के बाद घायलों को उपचार के लिए वाराणसी पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल राहुल शर्मा और अभिषेक शर्मा उर्फ गोलू को वाराणसी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। वहां इलाज के दौरान राहुल शर्मा की मौत हो गई। वहीं, अभिषेक गोलू की हालत अब भी चिंताजनक बनी हुई है। तीसरे घायल महेश कुमार कुशवाहा की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सैलून चलाकर चलाते थे परिवार का खर्च
बताया जाता है कि राहुल शर्मा और अभिषेक शर्मा उर्फ गोलू महमूदगंज बाजार में सैलून की दुकान चलाते थे। दोनों इसी कारोबार से अपने परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करते थे। अभिषेक अपने माता-पिता की दो बेटियों के बीच इकलौता बेटा है। हादसे में उसकी गंभीर स्थिति को लेकर परिवार के लोग बेहद चिंतित हैं। वहीं, राहुल शर्मा अपने माता-पिता की संतानों में मंझला था। कम उम्र में उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मौत की खबर से गांव में पसरा मातम
राहुल शर्मा की मौत की सूचना मिलते ही खामीदौरा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घर में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की खबर सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिचित पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।



