Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
दादा के अंतिम संस्कार के बाद हुआ हादसा
बताया जाता है कि शुक्रवार की देर रात गणेश के दादा शिव ठठेरा का निधन हो गया था। शनिवार को परिवार के लोग उनका शव अंतिम संस्कार के लिए उत्तर प्रदेश के जमानियां लेकर पहुंचे थे। अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिवार के कुछ सदस्य गंगा नदी में स्नान करने चले गए। इसी दौरान तीन युवक एक साथ गंगा में स्नान कर रहे थे। अचानक गणेश गहरे पानी की ओर चला गया और पानी के तेज बहाव एवं गहराई में फंसकर डूब गया। साथ रहे लोगों ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद उसे बाहर नहीं निकाला जा सका।
चार घंटे तक चला तलाश अभियान
घटना की जानकारी मिलने के बाद यूपी पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम ने भी नदी में तलाशी अभियान शुरू किया। टीम द्वारा काफी देर तक प्रयास किए जाने के बावजूद शाम तक गणेश का पता नहीं चल सका था। एक ओर परिवार के लोग कुछ घंटे पहले ही शिव ठठेरा के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कर लौटने की तैयारी में थे, वहीं दूसरी ओर गणेश के गंगा में डूबने की खबर ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। जमानियां में गंगा किनारे मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रामगढ़ बाजार में भी घटना की जानकारी मिलते ही शोक की लहर दौड़ गई। एक ही परिवार में लगातार दो मौतों की घटना से ठठेरा समाज के लोग भी गहरे सदमे में हैं।



