Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बताया जाता है कि दुल्हन की विदाई के बाद परिवार के सभी सदस्य घर में मौजूद थे। इसी दौरान स्थानीय निवासी शेख इस्लाम का पुत्र औरंगजेब कथित तौर पर देसी कट्टा लेकर पहुंचा और फायरिंग करने लगा। इस दौरान निकली गोली मु. सोनजीर के पांच वर्षीय पुत्र मु. सरफराज और तीन वर्षीय पुत्र अली हसन को जा लगी। गोली लगने से दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन आनन-फानन में दोनों बच्चों को पुरैनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मधेपुरा रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में पांच वर्षीय सरफराज ने दम तोड़ दिया। वहीं, उसके छोटे भाई अली हसन की हालत भी नाजुक बनी हुई थी।
जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. अंजनी कुमार ने बताया कि एक बच्चे की गर्दन और दूसरे के पेट में गोली लगी थी। एक बच्चे को अस्पताल मृत अवस्था में लाया गया, जबकि दूसरे की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना के बाद शादी वाले घर में कोहराम मच गया। जिस घर में कुछ देर पहले तक मंगलगीत और खुशियों का माहौल था, वहां परिजनों की चीख-पुकार गूंजने लगी। बताया जा रहा है कि गोलीबारी का आरोपी नशे का आदी है और नशे की हालत में ही उसने इस वारदात को अंजाम दिया। इधर, घटना की सूचना मिलते ही बिहारीगंज थानाध्यक्ष लवकुश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आरोपी युवक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। वहीं, मेडिकल कॉलेज में मौजूद सिंहेश्वर थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि मृत बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया की जा रही है।



