Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
घायलों की पहचान उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के सैयदराजा निवासी दानिश (28 वर्ष) और जमील (18 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों आपस में सगे भाई हैं। बताया जाता है कि उनका ननिहाल दुर्गावती बाजार में है तथा वे स्थानीय व्यवसायी मुख्तार के भांजे हैं। जानकारी के अनुसार दोनों भाई मैजिक वाहन से जगदीशपुर से सैयदराजा लौट रहे थे। इसी दौरान मरहियां मोड़ के पास वाहन अचानक नियंत्रण से बाहर हो गया और डिवाइडर से टकरा गया। दुर्घटना के बाद एनएचएआई की टीम और स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, दुर्गावती ले जाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उनकी स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी के हायर सेंटर रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों भाइयों के पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे की एक वजह चालक को यात्रा के दौरान झपकी आना भी हो सकती है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद कुछ समय तक हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।



