Home चैनपुर सड़क पर गिरे बेहोश, होश आया तो गायब थी बाइक; घायल अवस्था...

सड़क पर गिरे बेहोश, होश आया तो गायब थी बाइक; घायल अवस्था में ट्रॉमा सेंटर रेफर

कैमूर में बेहोश होकर सड़क किनारे गिरे व्यक्ति की बाइक चोरी, ट्रॉमा सेंटर रेफर

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के कुरई गांव के पास इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। एक व्यक्ति सड़क किनारे बेहोशी की हालत में पड़ा रहा और इसी दौरान उसकी बाइक चोरी कर ली गई। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है। पीड़ित की पहचान चंद्रबली साह के रूप में हुई है। मामले को लेकर उनके पुत्र अभिषेक कुमार ने चैनपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

परिजनों के अनुसार चंद्रबली साह किसी काम से कुशहरिया से भभुआ की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह कुरई गांव के समीप पहुंचे, अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। बाइक चलाते समय उन्हें तेज चक्कर आया और वह सड़क किनारे बाइक समेत गिर पड़े। गिरने से उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद वह बेहोश हो गए। बताया जा रहा है कि इसी दौरान मौके का फायदा उठाकर अज्ञात चोर उनकी बाइक लेकर फरार हो गए। उधर, सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने व्यक्ति को अचेत अवस्था में पड़ा देखा तो तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चैनपुर भेजा। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें सदर अस्पताल भभुआ रेफर कर दिया गया। भभुआ में भी स्थिति में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर भेज दिया।
इस मामले में चैनपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित पक्ष के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आसपास के इलाकों में जांच कर रही है और बाइक चोरी करने वाले अज्ञात चोरों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Exit mobile version