Home चैनपुर शादी समारोह में शामिल होने गए युवक की दर्दनाक मौत, दीवार गिरने...

शादी समारोह में शामिल होने गए युवक की दर्दनाक मौत, दीवार गिरने से हुआ था गंभीर रूप से घायल

कैमूर: शादी समारोह में गए युवक की दीवार गिरने से मौत, वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में चल रहा था इलाज

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के करजी गांव निवासी एक युवक की वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक कुछ दिन पहले अपने रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने गया था, जहां तेज आंधी और बारिश के दौरान दीवार गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। करीब एक सप्ताह तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद उसने दम तोड़ दिया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

मिली जानकारी के अनुसार करजी गांव निवासी स्वर्गीय वंशी राम के 33 वर्षीय पुत्र राम अवतार राम मोहनिया थाना क्षेत्र के परशुरामपुर गांव में रिश्तेदारी में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। 16 जून की रात तेज आंधी और बारिश के बीच जिस कमरे में वह सो रहे थे, उसकी ईंट की दीवार अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। हादसे में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल भभुआ सदर अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया था। वहां उनका लगातार इलाज चल रहा था, लेकिन 23 जून की रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बुधवार सुबह परिजन शव को लेकर भभुआ सदर अस्पताल पहुंचे, जहां पुलिस की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस संबंध में चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि राम अवतार राम अपने रिश्तेदारी में गए हुए थे, जहां दीवार गिरने की घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। परिजनों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद पुलिस की निगरानी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। फिलहाल घटना को लेकर थाना में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।

 

Exit mobile version