Home रामगढ़ कैमूर में आकाशीय बिजली का कहर: शादी समारोह में काम कर रहे...

कैमूर में आकाशीय बिजली का कहर: शादी समारोह में काम कर रहे मजदूर की मौत, गांव में मातम

कैमूर में आकाशीय बिजली से मजदूर की मौत, शादी समारोह में हुआ दर्दनाक हादसा

Bihar: कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां आकाशीय बिजली गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। घटना नुआंव प्रखंड के जुझारपुर गांव की है, जहां एक शादी समारोह के दौरान काम कर रहे मजदूर पर अचानक बिजली गिर गई। मृतक की पहचान तरैथा गांव निवासी सुनील राम (पिता- बंधु राम) के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, सुनील राम शादी समारोह में मजदूरी का काम कर रहे थे।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रामगढ़ थाना

इसी दौरान मौसम अचानक बदला और तेज गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तुरंत रामगढ़ रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया। हालांकि, उनकी हालत बेहद गंभीर बनी रही और इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और पूरे गांव में शोक का माहौल फैल गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं, घटना की जानकारी मिलने पर परिवर्तन चेतना मंच के संयोजक व एनएसजी अधिकारी रणधीर सिंह भी अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि सुनील राम परिवार के कमाऊ सदस्य थे और उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फिलहाल पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।

 

Exit mobile version