Home चैनपुर मुहर्रम को लेकर चैनपुर थाना अलर्ट, शांति समिति की बैठक में प्रशासन...

मुहर्रम को लेकर चैनपुर थाना अलर्ट, शांति समिति की बैठक में प्रशासन ने जारी किए सख्त निर्देश

चैनपुर थाना में मुहर्रम को लेकर शांति समिति की बैठक, डीजे और शस्त्र प्रदर्शन पर प्रतिबंध

Bihar: चैनपुर, आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार की शाम चैनपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न ताजिया कमेटियों के सदस्य, समाजसेवी, स्थानीय ग्रामीण तथा पंचायत स्तरीय जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए चैनपुर सर्किल इंस्पेक्टर मनोज कुमार एवं थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने कहा कि मुहर्रम का जुलूस पूरी तरह प्रशासनिक दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही निकाला जाएगा।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन कमेटियों को लाइसेंस प्राप्त है, वे केवल स्वीकृत मार्ग पर ही जुलूस का संचालन करेंगी। प्रशासन की ओर से जुलूस के दौरान डीजे बजाने और किसी भी प्रकार के शस्त्र प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि प्रत्येक जुलूस समिति अपने सदस्यों की सूची, आधार कार्ड की प्रतियां तथा निर्धारित रूट की जानकारी आवेदन के साथ पूर्व में थाना में जमा कराए।

इसके अलावा जुलूस की निगरानी के लिए समिति स्तर पर वीडियो रिकॉर्डिंग और ड्रोन कैमरे की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया गया, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति पर तत्काल नजर रखी जा सके। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए प्रशासन का सहयोग करने की अपील की और कहा कि पर्व की गरिमा एवं शांति बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बैठक में सिकंदरपुर पंचायत के पूर्व मुखिया अनिल सिंह पटेल, भाजपा कार्यकर्ता अनुपम पांडे, सिकंदरपुर पैक्स अध्यक्ष लड्डन खान, नौघरा के सज्जन खान, समाजसेवी भारत सोनी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

Exit mobile version