Home औरंगाबाद अवैध हथियार नेटवर्क का खुलासा, 4 गिरफ्तार 2 कार्बाइन समेत 8 हथियार...

अवैध हथियार नेटवर्क का खुलासा, 4 गिरफ्तार 2 कार्बाइन समेत 8 हथियार 159 कारतूस बरामद औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर व भोजपुर में सप्लाई

औरंगाबाद में हथियार तस्करी का बड़ा खुलासा, चार तस्कर गिरफ्तार, 159 कारतूस और 8 हथियार बरामद

Bihar: बिहार पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और गोह थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। कार्रवाई के दौरान चार हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि उनके कब्जे और निशानदेही पर भारी मात्रा में हथियार, कारतूस तथा अन्य सामान बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान उपहारा थाना क्षेत्र के झाड़ी गांव निवासी रोहित कुमार उर्फ बिल्लू सिंह, हसपुरा थाना क्षेत्र के टनकुप्पी गांव निवासी गणेश कुमार उर्फ विक्रम, गोह थाना क्षेत्र के प्राणपुर निवासी मो. सोहेल उर्फ बलिस्टर आलम उर्फ बली तथा इश्तेखार आलम के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में सभी ने अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े होने की बात स्वीकार की है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

गुप्त सूचना पर बिछाया गया जाल
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि औरंगाबाद सहित रोहतास, कैमूर और भोजपुर जिलों में बड़े पैमाने पर अवैध हथियारों और कारतूसों की आपूर्ति की जा रही है। सूचना के आधार पर 19 जून को गोह थाना पुलिस के साथ विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने गोह-रफीगंज मुख्य मार्ग पर डिहुरी बाजार के पास घेराबंदी कर तीन मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्धों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से कई हथियार, मैगजीन और कारतूस बरामद हुए, जिसके बाद उन्हें तत्काल हिरासत में ले लिया गया।

निशानदेही पर गांव में छापेमारी, मिला हथियारों का जखीरा
गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ के बाद पुलिस ने गोह थाना क्षेत्र के प्राणपुर गांव में छापेमारी की। यहां से बिक्री के लिए छिपाकर रखे गए दो देशी कार्बाइन, कट्टा और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से तीन बाइक, चार मोबाइल फोन और दो खोखा भी जब्त किए हैं।
बरामद सामग्री
3 लोडेड पिस्टल
2 देशी कार्बाइन
2 देशी कट्टा
1 टूटा हुआ कट्टा
159 जिंदा कारतूस
7 मैगजीन
3 मोटरसाइकिल
4 मोबाइल फोन
2 खोखा

नेटवर्क की गहराई से जांच शुरू
एसटीएफ के डीआईजी संजय कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर लंबे समय से विभिन्न जिलों में अवैध हथियारों की सप्लाई कर रहे थे। पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपितों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है और यह जांच की जा रही है कि उनका संबंध अन्य आपराधिक घटनाओं या गिरोहों से तो नहीं है। सभी आरोपितों को कानूनी प्रक्रिया के तहत गोह थाना पुलिस को सौंप दिया गया है, जहां उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और आने वाले दिनों में इस मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं।

 

 

Exit mobile version