Home मुजफ्फरपुर मुजफ्फरपुर में साइबर ठग गिरोह का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर में साइबर ठग गिरोह का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर में साइबर ठग गिरोह का पर्दाफाश, इन्वेस्टमेंट और गेमिंग फ्रॉड में दो आरोपी गिरफ्तार

Bihar: मुजफ्फरपुर पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन साइबर प्रहार’ में बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय एक साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। यह गिरोह इन्वेस्टमेंट और ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर लोगों को ठगने का काम करता था।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी

पुलिस को जानकारी मिली थी कि रामपुरहरि थाना क्षेत्र के सलेमापुर और गोरिगामा टोला में कुछ युवक डिजिटल फ्रॉड को अंजाम दे रहे हैं। सूचना मिलते ही साइबर थाना के डीएसपी हिमांशु कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। टीम ने छापेमारी कर अर्जुन कुमार और रणधीर कुमार नाम के दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने साइबर ठगी में शामिल होने की बात स्वीकार की।

कई राज्यों में फैला था नेटवर्क

पुलिस जांच में सामने आया कि इस गिरोह का नेटवर्क काफी बड़ा था। जब बरामद मोबाइल नंबर और बैंक खातों की जांच नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर की गई तो इनके खिलाफ देश के 30 से ज्यादा राज्यों से शिकायतें दर्ज मिलीं। आरोपी लोगों को ज्यादा मुनाफे का लालच देकर निवेश करवाते थे और फर्जी गेमिंग ऐप के जरिए उनके बैंक खातों से पैसे निकाल लेते थे।

छापेमारी में मिले कई सबूत

पुलिस ने आरोपियों के पास से कई डिजिटल उपकरण और बैंकिंग दस्तावेज बरामद किए हैं। बरामद सामानों में 9 स्मार्टफोन, 14 डेबिट कार्ड, एक पासबुक, 11 चेक बुक, एक लैपटॉप, आधार और पैन कार्ड के साथ ही 5 फर्जी मुहरें शामिल हैं। पुलिस का मानना है कि इन मुहरों का उपयोग फर्जी दस्तावेज तैयार करने में किया जाता था।

लोगों से सावधान रहने की अपील

साइबर डीएसपी ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के बैंक लेनदेन की जांच की जा रही है, ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचा जा सके। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान निवेश योजना, घर बैठे पैसे कमाने के ऑफर या संदिग्ध गेमिंग ऐप्स से सावधान रहें। साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को अपना ओटीपी, पिन या बैंक से जुड़ी जानकारी साझा न करें। अगर कोई साइबर ठगी का शिकार होता है तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

Exit mobile version