Home पश्चिमी चम्पारण OLX पर सस्ती बाइक का झांसा, साइबर गिरोह का बड़ा खुलासा; चार...

OLX पर सस्ती बाइक का झांसा, साइबर गिरोह का बड़ा खुलासा; चार ठग गिरफ्तार

बेतिया में OLX बाइक ठगी गिरोह का पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार, फर्जी आधार व लैपटॉप बरामद

Bihar: बेतिया में ऑनलाइन बाइक खरीदने के नाम पर लोगों को ठगने वाले एक साइबर गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। मुफस्सिल थाना पुलिस ने तकनीकी शाखा की मदद से कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने कई बैंक दस्तावेज, एटीएम कार्ड, मोबाइल, लैपटॉप और फर्जी आधार कार्ड बरामद किए हैं।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह OLX जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर कम कीमत में बाइक बेचने का विज्ञापन डालकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महनागनी गांव निवासी दीपक साह से जुड़ा है। उन्होंने पुलिस को बताया कि OLX पर स्प्लेंडर प्लस बाइक का विज्ञापन देखकर संपर्क किया गया था। बातचीत के बाद बाइक का सौदा 64 हजार 500 रुपये में तय हुआ।
आरोपियों ने पीड़ित पक्ष को नानोसती बुलाकर बाइक दिखाई और भरोसा जीत लिया। इसके बाद दीपक साह के बेटे अमन कुमार ने 44 हजार 500 रुपये फोन-पे के जरिए ट्रांसफर किए, जबकि 20 हजार रुपये नकद दिए गए।

कुछ दिनों बाद जब बाइक सर्विसिंग के लिए बगहा के सर्विस सेंटर पहुंची, तब चौंकाने वाला खुलासा हुआ। सर्विस सेंटर से जानकारी मिली कि जिस बाइक की सर्विसिंग कराई गई है, उसका असली वाहन पहले से किसी अन्य व्यक्ति के पास मौजूद है। इसके बाद पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ और उसने मुफस्सिल थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कांड संख्या 165/26 दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में पहाड़पुर थाना क्षेत्र के सरैया विलती टोला निवासी सूरज कुमार और संदीप कुमार के अलावा जितना थाना क्षेत्र के झांझर गांव निवासी विशाल कुमार और विवेक कुमार शामिल हैं।

सदर एसडीपीओ-1 अजीत कुमार ने बताया कि आरोपियों के पास से सात एटीएम कार्ड, पांच पासबुक, पांच चेकबुक, चार मोबाइल फोन, दो टैब, दो लैपटॉप, एक मोटरसाइकिल और एक फर्जी आधार कार्ड बरामद किया गया है। पुलिस का कहना है कि गिरोह फर्जी दस्तावेजों के सहारे ऑनलाइन बाइक बिक्री का झांसा देकर लोगों से पैसे ऐंठता था। फिलहाल मामले में अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और संभावित ठगी के अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।

 

 

Exit mobile version