Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

प्राप्त जानकारी के अनुसार नेउरा गांव निवासी 24 वर्षीय अखिलेश कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 11 जून 2026 की रात करीब आठ बजे वह गांव में राधे गौड़ के दरवाजे पर खाट पर बैठे थे। इसी दौरान चांद थाना क्षेत्र के दुलही गांव निवासी नचकू सिंह वहां पहुंचे और उनके पिता के बारे में पूछताछ करने लगे। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और आरोप है कि नचकू सिंह ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर उन्होंने जान से मारने की धमकी दी और वहां से चले गए। पीड़ित के अनुसार कुछ समय बाद नचकू सिंह अपने अन्य साथियों के साथ दोबारा मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इनमें सोनाव गांव निवासी रिंटू सिंह, करजी गांव निवासी पंडूल उपाध्याय, दुलही गांव निवासी बबलू सिंह समेत चार-पांच अज्ञात लोग शामिल थे। सभी लोग बुलेट मोटरसाइकिल और कार से आए तथा अखिलेश कुमार के साथ मारपीट करने लगे।
फर्द बयान में यह भी आरोप लगाया गया है कि नचकू सिंह, रिंटू सिंह और पंडूल उपाध्याय ने अपने पास मौजूद कट्टे से जान लेने की नीयत से फायरिंग की। हालांकि गोली किसी को नहीं लगी और युवक बाल-बाल बच गया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटने लगे, जिसके बाद सभी आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से एक हुंडई कार, एक बुलेट मोटरसाइकिल तथा दो खोखे बरामद किए। इसके बाद घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां पुलिस ने उसका फर्द बयान दर्ज किया। इस संबंध में चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि पीड़ित के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।