Home चैनपुर फरार वारंटी सहित शराब के नशे में हंगामा कर रहा युवक गिरफ्तार

फरार वारंटी सहित शराब के नशे में हंगामा कर रहा युवक गिरफ्तार

चैनपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: फरार वारंटी गिरफ्तार, शराब के नशे में हंगामा कर रहा युवक भी पकड़ा

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए एक फरार वारंटी समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पहली कार्रवाई हाटा बाजार में की गई, जहां गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे वारंटी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान हाटा नगर निवासी जगरूप राम के पुत्र दुखी राम के रूप में हुई है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

थानाध्यक्ष ने बताया कि दुखी राम के खिलाफ न्यायालय से गैर जमानतीय वारंट जारी था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि वह हाटा बाजार क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल जांच कराया गया, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं दूसरी कार्रवाई करजाव गांव में की गई, जहां शराब के नशे में हंगामा कर रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान करजाव गांव निवासी राम मूरत सिंह के पुत्र कामेश्वर सिंह के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार कामेश्वर सिंह गांव में शराब पीकर काफी देर से हंगामा कर रहा था, जिससे ग्रामीण परेशान हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही वह भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन सशस्त्र बलों की मदद से घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति को पुलिस अभिरक्षा में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल जांच कराई गई, जहां उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद उसके विरुद्ध सुसंगत धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Exit mobile version