Home चैनपुर चारा देकर लौट रहे तीन लोगों पर हमला, दो महिलाओं समेत तीन...

चारा देकर लौट रहे तीन लोगों पर हमला, दो महिलाओं समेत तीन घायल; प्राथमिकी दर्ज

चैनपुर के भगवानपुर में मारपीट, दो महिला समेत 3 घायल; FIR दर्ज

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव में पूर्व के विवाद को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में दो महिलाओं समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज कराने के बाद मामले को लेकर चैनपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच और कार्रवाई में जुटी है। मामले को लेकर राजू बिंद, पिता मंगल बिंद, निवासी भगवानपुर ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि 2 अक्टूबर की शाम करीब चार बजे उनकी पत्नी धनावती देवी, भाभी पार्वती देवी और भाई राजेश बिंद मवेशियों को चारा देकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव में कुछ लोग कथित रूप से पहले से रास्ते में मौजूद थे।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

आवेदन के अनुसार, तीनों के वहां पहुंचते ही अशोक बिंद, विकास कुमार, नेहा कुमारी, आलोक कुमार और लालती देवी समेत अन्य लोगों ने उन्हें घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। घटना में पार्वती देवी, धनावती देवी और राजेश बिंद घायल हो गए। राजू बिंद ने पुलिस को दिए आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उनकी पत्नी धनावती देवी के गले से सोने की चेन छीन ली गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे, जिसके बाद आरोपित पक्ष के लोग वहां से हटकर अपने घर की ओर चले गए।

घटना की जानकारी मिलने के बाद राजू बिंद मौके पर पहुंचे और तीनों घायलों को लेकर चैनपुर थाना पहुंचे। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। उपचार के बाद पीड़ित पक्ष की ओर से थाने में लिखित आवेदन दिया गया। इस संबंध में चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि मारपीट के मामले में प्राप्त आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच करते हुए आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

 

Exit mobile version