Home चैनपुर नहर किनारे पैर धोने गए व्यक्ति की फिसला पैर, गहरे पानी में...

नहर किनारे पैर धोने गए व्यक्ति की फिसला पैर, गहरे पानी में डूबने से मौत

चैनपुर में नहर में डूबने से 56 वर्षीय व्यक्ति की मौत, पैर फिसलने से हुआ हादसा

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को नहर में डूबने से 56 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। घटना डीह भूजैना गांव के समीप स्थित नहर की है। मृतक की पहचान भरारी कला गांव निवासी स्वर्गीय छेदी राम के 56 वर्षीय पुत्र सीता राम के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सीता राम सोमवार को अपने ससुराल ग्राम पर्वतपुर गए थे। मंगलवार की सुबह वह वहां से अपने घर भरारी कला लौट रहे थे। इसी दौरान डीह भूजैना गांव के समीप नहर के पास वह शौच के लिए रुके। शौच के बाद नहर में पैर धोने के दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चले गए।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

नहर में पानी अधिक होने के कारण सीता राम खुद को संभाल नहीं सके और डूब गए। कुछ देर बाद रास्ते से गुजर रहे लोगों की नजर नहर में पड़े उनके शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना चैनपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नहर से शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी और आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया।

चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि डीह भूजैना गांव के समीप नहर में डूबने से एक व्यक्ति की मौत की सूचना ग्रामीणों से मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बरामद किया और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। हादसे को लेकर गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।

 

Exit mobile version