Home चैनपुर टायर फटते ही मचा हड़कंप, सब्जी लदी पिकअप डंपर से भिड़ी; चालक...

टायर फटते ही मचा हड़कंप, सब्जी लदी पिकअप डंपर से भिड़ी; चालक गंभीर रूप से घायल

कैमूर में बड़ा सड़क हादसा: टायर फटने से सब्जी लदी पिकअप डंपर से टकराई, चालक घायल

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक सड़क हादसे में सब्जी लदी पिकअप वाहन का चालक घायल हो गया। तेज रफ्तार से जा रही पिकअप का अचानक अगला टायर फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे मिट्टी लदे डंपर से टकरा गया। हादसा खरिगांवा-हजरा मार्ग पर पेट्रोल पंप के समीप सुबह करीब छह बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप वाहन वाराणसी से सब्जियां लेकर भभुआ की ओर जा रहा था। इसी दौरान पेट्रोल पंप के पास वाहन का अगला दाहिना टायर अचानक फट गया। टायर फटने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और पिकअप सामने से आ रहे डंपर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

हादसे में चालक घायल हो गया, जबकि वाहन पर सवार सब्जी व्यापारी सुरक्षित बच गया। बताया जाता है कि उसी व्यक्ति ने घायल चालक को वाहन से बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। स्थानीय लोगों के अनुसार घायल चालक की पहचान केवा निवासी शाहनवाज के रूप में की जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। घटना के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

इस संबंध में चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि सुबह करीब छह बजे पिकअप और डंपर की टक्कर की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। जब पुलिस पहुंची तब तक डंपर चालक मौके से जा चुका था और घायल चालक को भी इलाज के लिए ले जाया जा चुका था। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में शामिल पिकअप कौन चला रहा था, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और संबंधित वाहन चालकों की पहचान को लेकर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

 

Exit mobile version