Home चांद घूरा की चिंगारी बनी तबाही का कारण, आग में भैंस समेत लाखों...

घूरा की चिंगारी बनी तबाही का कारण, आग में भैंस समेत लाखों की संपत्ति स्वाहा

कैमूर में आगलगी से बड़ा नुकसान, भैंस की जिंदा जलकर मौत, घर का सामान राख

Bihar: कैमूर जिले के चांद प्रखंड अंतर्गत किलनी गांव में सोमवार दोपहर अचानक लगी आग ने एक परिवार की पूरी गृहस्थी उजाड़ दी। आग की इस घटना में एक भैंस और उसकी पाड़ी जिंदा जल गईं, जबकि घर में खड़ी मोटरसाइकिल, तीन साइकिल समेत अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी मंजु कुंअर के घर के पास पड़ोसी द्वारा घूरा में आग जलाई गई थी। तेज गर्मी और हवा के कारण आग की चिंगारी फैलते हुए मंजु कुंअर के घर तक पहुंच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर में बंधी भैंस और पाड़ी की जलकर मौत हो चुकी थी।

वहीं मोटरसाइकिल, तीन साइकिल और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह नष्ट हो गए। पीड़ित परिवार के अनुसार आगलगी की इस घटना में दो लाख रुपये से अधिक की क्षति हुई है। सूचना मिलने पर अंचल कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। इस मामले में अंचलाधिकारी सतीश कुमार गुप्ता ने बताया कि सरकारी नियमों के अनुसार पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं पीड़िता मंजु कुंअर ने पड़ोसी की लापरवाही को घटना का कारण बताते हुए प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है।

 

Exit mobile version