Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार की रात महिला की हत्या पंहसुल से गला रेतकर कर दी गई। हत्या के बाद शव घर के अंदर ही छोड़ दिया गया था। शुक्रवार शाम को घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चांद थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू की। थानाध्यक्ष हरि प्रसाद शर्मा ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब पांच बजे घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
अकेले रहती थीं रामरती देवी
बताया जाता है कि रामरती देवी के पति की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। वह गांव स्थित अपने घर में अकेली रहती थीं, जबकि उनके पुत्र और परिवार के अन्य सदस्य भभुआ में रहते हैं। ऐसे में घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। ग्रामीणों के अनुसार, मृतका के परिवार का पड़ोस में रहने वाले एक परिवार के साथ विवाद चल रहा था। हालांकि, इस विवाद का हत्या से कोई संबंध है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही है। घटना से गांव में सनसनी फैल गई है।