Home चैनपुर किराना दुकान से लौट रहे युवक पर चली गोली, मां ने हमलावर...

किराना दुकान से लौट रहे युवक पर चली गोली, मां ने हमलावर को पकड़ा; कट्टा के साथ आरोपी गिरफ्तार

चैनपुर में युवक पर फायरिंग का आरोप, देसी कट्टा के साथ आरोपी गिरफ्तार

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव में बुधवार की देर शाम गोली चलने की घटना से अफरा-तफरी मच गई। किराना दुकान से सामान खरीदकर घर लौट रहे 24 वर्षीय युवक ने गांव के ही एक युवक पर गाली-गलौज के बाद कट्टा तानकर फायरिंग करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक देसी कट्टा बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान सिकंदरपुर गांव निवासी दीनानाथ पासी के पुत्र अवधेश पासी के रूप में हुई है। वहीं, घटना की शिकायत करने वाले युवक की पहचान जमुना माली के पुत्र धर्मेंद्र माली के रूप में हुई है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

बरामद कट्टा
बरामद कट्टा

दुकान से निकलते ही शुरू हुआ विवाद

धर्मेंद्र माली ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि बुधवार की देर शाम वह गांव में मुखलाल पासी की किराना दुकान पर मिर्च खरीदने गया था। सामान लेने के बाद जैसे ही वह दुकान से बाहर निकला, उसी दौरान अवधेश पासी वहां पहुंच गया। आरोप है कि अवधेश ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। धर्मेंद्र के मुताबिक, जब उसने गाली देने से मना किया तो अवधेश ने कथित तौर पर उस पर देसी कट्टा तान दिया। इसी बीच धर्मेंद्र की मां ने पीछे से आरोपी को पकड़ लिया। आरोप है कि इसी दौरान अवधेश ने फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की ओर दौड़े, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग गया।

घटनास्थल से खोखा बरामद

घटना की सूचना मिलने के बाद चैनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने वहां से गोली का एक खोखा बरामद किया। इसके बाद पीड़ित के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवधेश पासी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा बरामद होने की बात पुलिस ने कही है। मेडिकल जांच के बाद गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले में फायरिंग की घटना के कारणों और पूरे विवाद की जांच कर रही है।

 

Exit mobile version