Home मुजफ्फरपुर युवती पर चाकू से हमला, प्रेम प्रस्ताव ठुकराने के बाद पीछा करने...

युवती पर चाकू से हमला, प्रेम प्रस्ताव ठुकराने के बाद पीछा करने का आरोप; पुलिस ने शुरू की जांच

मुजफ्फरपुर में युवती पर चाकू से हमला, प्रेम प्रस्ताव ठुकराने पर मारपीट का आरोप

चिन्हित घटना स्थल

Bihar: मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र में एक 22 वर्षीय युवती पर चाकू से हमला कर घायल करने का मामला सामने आया है। युवती का आरोप है कि गांव का ही एक युवक उस पर प्रेम करने का दबाव बना रहा था और विरोध करने पर रास्ते में उसके साथ मारपीट की। इसके बाद घर पहुंचने पर भी आरोपी वहां आया और कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में युवती के सिर में चोट लगी है। पुलिस ने पीड़िता के आवेदन के आधार पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News
सुबह दौड़ने निकली थी युवती
घटना मोतीपुर थाना क्षेत्र के प्रेम नगर कोदरकट्टा गांव की बताई जा रही है। पीड़िता बिहार पुलिस की सिपाही भर्ती की तैयारी कर रही है और शारीरिक दक्षता की तैयारी के लिए नियमित रूप से सुबह दौड़ लगाने जाती है। पीड़िता ने अपने आवेदन में गांव के ही रवि कुमार पर रास्ते में परेशान करने और उस पर बातचीत तथा प्रेम संबंध के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है।

रास्ते में रोककर मारपीट करने का आरोप

पीड़िता के अनुसार, मंगलवार को दौड़ लगाने के बाद घर लौटते समय आरोपी ने उसे रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि युवक ने उसके सामने प्रेम संबंध का प्रस्ताव रखा, जिसे युवती ने स्वीकार करने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ और युवक ने कथित तौर पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि विरोध करने पर उसे धमकी दी गई।

घर के पास दोबारा पहुंचा आरोपी

रास्ते की घटना के बाद युवती किसी तरह अपने घर पहुंची। आरोप है कि कुछ देर बाद रवि कुमार वहां भी पहुंच गया और फिर से विवाद करने लगा। इसी दौरान कथित तौर पर उसने चाकू से युवती के सिर पर वार कर दिया। हमले में युवती घायल हो गई। घटना के बाद शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।

इलाज के बाद थाने पहुंची पीड़िता

घायल युवती को स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मोतीपुर ले जाया गया, जहां उसका उपचार कराया गया। इलाज के बाद पीड़िता ने मोतीपुर थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

डीएसपी ने कहा- आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी

मामले को लेकर डीएसपी (पश्चिमी) सुचित्रा कुमारी ने बताया कि युवती के घर लौटने के दौरान पहले रास्ते में रवि कुमार द्वारा उसके साथ मारपीट की गई। लोगों के जुटने पर आरोपी वहां से चला गया, लेकिन बाद में युवती के घर के पास दोबारा पहुंचा और मारपीट के दौरान उसके सिर पर चाकू से वार कर घायल कर दिया। उन्होंने बताया कि इलाज के बाद पीड़िता ने थाने में लिखित आवेदन दिया, जिसके आधार पर कांड दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है और जल्द उसे गिरफ्तार करने की बात कही गई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के पीछे के कारणों और आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

 

Exit mobile version