Homeकैमूर70वीं बीपीएससी परीक्षा में चैनपुर-चाँद के युवाओं का शानदार प्रदर्शन, चार अभ्यर्थियों...

70वीं बीपीएससी परीक्षा में चैनपुर-चाँद के युवाओं का शानदार प्रदर्शन, चार अभ्यर्थियों ने बढ़ाया जिले का मान

70वीं BPSC परीक्षा में चैनपुर-चाँद के चार अभ्यर्थियों की सफलता, DSP, BDO समेत विभिन्न पदों पर चयन

Bihar: कैमूर/चैनपुर/चाँद, बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के परिणाम में कैमूर जिले के चैनपुर एवं चाँद प्रखंड के युवाओं ने शानदार सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। विभिन्न प्रशासनिक पदों पर चयनित चार अभ्यर्थियों की उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं। चैनपुर प्रखंड के मझुई गांव निवासी एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय मझुई की शिक्षिका संध्या वर्मा की पुत्री प्रीति वर्मा ने 1399वीं रैंक प्राप्त कर राजस्व पदाधिकारी (RDO) के पद पर चयन हासिल किया है। प्रीति ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के संघर्ष, शिक्षकों के मार्गदर्शन और निरंतर मेहनत को दिया है। वहीं चंदा गांव निवासी अतुल श्रीवास्तव ने 246वीं रैंक प्राप्त कर पुलिस उपाधीक्षक (DSP) पद पर चयनित होकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता से परिवार और गांव में उत्साह का माहौल है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

इसके अलावा बराढ़ी गांव निवासी किसान पुत्र अमन मेहरोत्रा ने 278वीं रैंक प्राप्त कर नगर कार्यपालक पदाधिकारी (Executive Officer) पद हासिल किया है। अमन इससे पूर्व संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) परीक्षा में 571वीं रैंक प्राप्त कर चयनित हो चुके हैं। उनके चाचा एवं नेत्र चिकित्सक डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि अमन की सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन का परिणाम है। उधर चाँद प्रखंड के पाढ़ी गांव निवासी रानी कुमारी ने 1323वीं रैंक प्राप्त कर प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) के प्रतिष्ठित पद पर चयन हासिल किया है। रानी वर्तमान में बीपीएससी टीआरई-1 के माध्यम से चयनित शिक्षिका के रूप में कार्यरत हैं। शिक्षण कार्य के साथ-साथ उन्होंने कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है।

रानी कुमारी की प्रारंभिक शिक्षा राज कुमार इंटर कॉलेज, भुजना (चंदौली) से हुई तथा उन्होंने शहीद संजय सिंह महिला महाविद्यालय, भभुआ से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की। उनकी सफलता परिवार के लिए लगातार दूसरी बड़ी प्रशासनिक उपलब्धि है। इससे पूर्व उनकी छोटी बहन का चयन 64वीं बीपीएससी परीक्षा के माध्यम से अंचलाधिकारी (CO) पद पर हो चुका है। सफल अभ्यर्थियों ने अपनी उपलब्धि का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों एवं परिवार के सदस्यों को दिया है। उन्होंने युवाओं से लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ तैयारी करने का आह्वान किया। चारों अभ्यर्थियों की सफलता पर ग्रामीणों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चैनपुर और चाँद प्रखंड के इन बेटों-बेटियों की सफलता क्षेत्र के अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को नया उत्साह प्रदान करेगी।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments