Homeमुंगेर25 लाख की ब्लैकमेलिंग का मामला: 56 ट्रांजैक्शन में युवती ने भेजे...

25 लाख की ब्लैकमेलिंग का मामला: 56 ट्रांजैक्शन में युवती ने भेजे रुपये, अब पुलिस खंगाल रही पूरा नेटवर्क

मुंगेर में 25 लाख की ब्लैकमेलिंग, 56 बार में युवती ने भेजे रुपये

Bihar: मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में युवती को आपत्तिजनक वीडियो के नाम पर ब्लैकमेल कर करीब 25 लाख रुपये ऐंठने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि युवती से अलग-अलग बैंक खातों और अन्य माध्यमों के जरिए 56 बार में कुल 25 लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए। रकम देने के बाद भी कथित रूप से रुपये की मांग बंद नहीं हुई, जिसके बाद परिवार ने पुलिस की शरण ली। मामले में नामजद आरोपित महिला मुंगेर के कासिम बाजार थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। पुलिस अब उसके साथ-साथ उन लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है, जिनके बैंक खातों में रकम पहुंची है। पीड़ित परिवार के मुताबिक, यह सिलसिला अक्टूबर 2025 के आसपास शुरू हुआ था। आरोपित महिला युवती के पड़ोसी की रिश्तेदार बताई जाती है और इसी संबंध के कारण उसका गांव में आना-जाना था। बताया गया कि महिला करीब दो महीने तक आसपास अपने रिश्तेदार के यहां रही। इसी दौरान उसका युवती से संपर्क हुआ। परिवार का कहना है कि उस समय उन्हें महिला की कथित गतिविधियों या उसकी मंशा पर कोई संदेह नहीं हुआ।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

आरोप है कि इसी दौरान महिला ने मौका पाकर युवती का स्नान करते समय बाथरूम में वीडियो बना लिया। बाद में वह अपने घर लौट गई। दिसंबर 2025 में कथित वीडियो युवती के मोबाइल पर भेजकर रुपये की मांग की गई। वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी मिलने के बाद युवती और उसके परिजन काफी भयभीत हो गए। लोकलाज के डर से परिवार ने कथित तौर पर दिसंबर में ही करीब चार लाख रुपये दे दिए। लेकिन आरोप है कि इसके बाद भी रुपये की मांग जारी रही। पीड़ित परिवार के अनुसार, ब्लैकमेलिंग के दबाव में युवती ने अपने बैंक खाते के अलावा अपने पिता और दादी के खातों से भी रुपये ट्रांसफर किए। कई बार साइबर कैफे के माध्यम से भी भुगतान कराया गया। परिवार का दावा है कि अलग-अलग खातों और माध्यमों से 56 लेन-देन में करीब 25 लाख रुपये भेजे गए। इतनी बड़ी रकम दिए जाने के बावजूद कथित रूप से मांग जारी रही, जिसके बाद परिवार ने पुलिस से शिकायत करने का निर्णय लिया।

मामला थाने पहुंचने के बाद युवती ने पुलिस को कथित वीडियो फुटेज के साथ रुपये भेजे जाने से संबंधित बैंक लेन-देन का रिकॉर्ड भी उपलब्ध कराया है। इन दस्तावेजों के आधार पर पुलिस अब पैसों के पूरे ट्रेल की जांच कर रही है। हवेली खड़गपुर के प्रभारी थानाध्यक्ष संजीव कुमार के अनुसार, घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपित और शिकायतकर्ता के मोबाइल से संबंधित क्यूआर कोड, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। बैंक खातों के माध्यम से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि रकम किन-किन खातों में पहुंची। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कथित ब्लैकमेलिंग में नामजद महिला के अलावा कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। जिन बैंक खातों में रुपये ट्रांसफर हुए हैं, उनके धारकों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तकनीकी और वित्तीय साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments