Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

2019 में दर्ज हुआ था अपहरण का मामला
भागलपुर जिले के नारायणपुर गांव निवासी ज्वाला सिंह ने 2 अगस्त 2019 को शामपुर थाने में अपनी बेटी मौसम कुमारी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, मौसम की शादी वर्ष 2015 में शामपुर थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तमपुर गांव निवासी विकास कुमार से हुई थी। शादी के बाद वह अपने पति के साथ तेलंगाना के सिकंदराबाद में रहती थी, जहां उसका पति एक निजी कंपनी में काम करता था। परिजनों ने पुलिस को बताया था कि 23 जुलाई 2019 को मौसम की सास राधिका देवी ने फोन कर जानकारी दी कि वह शौच के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चला। इसके बाद उसके पिता ने थाने में अपहरण का मामला दर्ज कराया और ससुराल पक्ष पर बेटी को गायब करने की आशंका जताई थी।
पुराने केस की समीक्षा से फिर शुरू हुई जांच
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने महिला की तलाश की, लेकिन उस समय उपलब्ध तकनीकी संसाधनों की सीमाओं के कारण कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका। समय बीतने के साथ मामला लंबित मामलों में शामिल हो गया। हाल में मुंगेर एसपी सैयद इमरान मसूद ने जिले के थानों में लंबित पुराने मामलों की समीक्षा कर उनके निष्पादन का निर्देश दिया। इसी क्रम में शामपुर थाने के इस मामले की दोबारा जांच शुरू की गई। थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर महिला की तलाश शुरू की गई।
मायके वालों के मोबाइल की जांच से मिला सुराग
पुलिस टीम ने सबसे पहले महिला के मायके के लोगों के मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल और तकनीकी जानकारी की जांच की। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान पता चला कि महिला अपनी मां और भाई के संपर्क में थी। इसके बाद तकनीकी निगरानी के आधार पर महिला के मोबाइल से जुड़े लोकेशन की जांच की गई। पुलिस को उसका लोकेशन तेलंगाना के हैदराबाद में मिला। इसके बाद टीम 14 सितंबर को करीब 1700 किलोमीटर की दूरी तय कर हैदराबाद पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से महिला को बरामद कर मुंगेर लाई।
महिला ने पूछताछ में बताई अलग कहानी
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में महिला ने बताया कि जनवरी 2019 में सिकंदराबाद में पति के साथ रहने के दौरान उसकी मुलाकात मोहम्मद जुबेर नामक व्यक्ति से हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती के बाद कथित तौर पर प्रेम संबंध बन गया। महिला के बयान के अनुसार, जुलाई 2019 में वह ससुराल से निकलकर जुबेर के पास हैदराबाद चली गई और उसके साथ रहने लगी। महिला ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2020 में उसने एक बेटी और वर्ष 2022 में एक बेटे को जन्म दिया। महिला के मुताबिक, आधार कार्ड समेत कुछ सरकारी दस्तावेजों में उसका नाम अब भी मौसम कुमारी ही दर्ज है। उसने पुलिस को यह भी बताया कि वह अपनी इच्छा से जुबेर के साथ रह रही है और फिलहाल मायके या ससुराल लौटना नहीं चाहती।
परिजनों की भूमिका की भी जांच
मुंगेर एसपी सैयद इमरान मसूद के मुताबिक, सात साल पुराने मामले की दोबारा जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर महिला को हैदराबाद से बरामद किया गया है। जांच में महिला के मायके वालों के संपर्क में रहने की जानकारी भी सामने आई है। एसपी ने कहा कि महिला के संबंध में जानकारी होने के बावजूद पुलिस को इसकी सूचना क्यों नहीं दी गई, इसकी जांच की जा रही है। जांच में यदि किसी की भूमिका सामने आती है तो तथ्यों के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल महिला का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और न्यायालय में उसका बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है। न्यायालय में दर्ज बयान तथा पुलिस की आगे की जांच के आधार पर मामले में अगली कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने यह भी बताया कि सात साल पुराने मामले को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सुलझाने और महिला को बरामद करने वाली एसआईटी टीम को पुरस्कृत कर सम्मानित किया जाएगा।



