Home चैनपुर 24 अक्टूबर को चैनपुर में होगा शिक्षक एकता सम्मेलन समान वेतन से...

24 अक्टूबर को चैनपुर में होगा शिक्षक एकता सम्मेलन समान वेतन से पुरानी पेंशन तक की मांगों को लेकर आंदोलन की तैयारी

चैनपुर में शिक्षक एकता सम्मेलन की तैयारी, 24 अक्टूबर को होगा आयोजन

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर प्रखंड में शिक्षकों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर एकजुटता मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। शनिवार की शाम प्रखंड मुख्यालय परिसर में बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ की बैठक आयोजित कर आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की गई। बैठक में 24 अक्टूबर को प्रखंड स्तरीय शिक्षक एकता सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता संघ के प्रखंड अध्यक्ष दीवान हामिद खान ने की, जबकि संचालन शिक्षक सुग्रीव सिंह ने किया। इस दौरान संघ के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार प्रसाद सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

बैठक में शिक्षकों को संबोधित करते हुए प्रखंड अध्यक्ष दीवान हामिद खान ने कहा कि शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए सभी कोटि के शिक्षकों को एक मंच पर आना जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के बीच एकजुटता बनाए रखने और उनकी मांगों को सरकार तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने के उद्देश्य से शिक्षक एकता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 24 अक्टूबर को होने वाले सम्मेलन के माध्यम से शिक्षकों की एकता का संदेश शासन-प्रशासन और बिहार सरकार तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही शिक्षकों की प्रमुख मांगों को भी प्रमुखता से रखा जाएगा।

जिलाध्यक्ष संतोष कुमार प्रसाद ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में शिक्षक एकता सम्मेलन की आवश्यकता बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि शिक्षक अपनी मांगों के समर्थन में आगे की रणनीति तय करने के लिए तैयार हैं। बैठक में शिक्षकों ने समान काम के लिए समान वेतन, पुरानी पेंशन योजना लागू करने, कालबद्ध प्रोन्नति, स्नातक प्रोन्नति तथा स्नातक से प्रधानाध्यापक पद पर प्रोन्नति जैसी मांगों को प्रमुखता से उठाया। इस अवसर पर बाबुल शाह, उपेश कुमार, राजेश बहादुर सिंह, राम प्रवेश राम, राजकुमार, सुभाष चंद्र यादव, अंजू कुमारी, नफीसा खातून, सुनीता कुमारी, सैयद अफाक नैयर, राम दरस कुमार, विनोद कुमार चौरसिया, देवेंद्र कुमार सिंह, मनोहर यादव समेत अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।

 

Exit mobile version