Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की शाम रामगढ़ के दुर्गा चौक पर गोड़सरा गांव निवासी लल्लू सिंह अपनी बाइक खड़ी कर प्रखंड कार्यालय गए थे। इसी दौरान एक बदमाश मास्टर चाबी की मदद से बाइक चोरी कर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने देर शाम रामगढ़ थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर ली। रातभर चली जांच के बाद शनिवार की सुबह पुलिस को आरोपी की लोकेशन संबंधी जानकारी मिली, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे जैतपुरा गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नुआंव थाना क्षेत्र के जैतपुरा गांव निवासी दीपक कुमार के रूप में हुई है, जो सदुरी प्रसाद का पुत्र बताया जाता है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ रामगढ़ और नुआंव थाना क्षेत्रों में चोरी एवं लूट से जुड़े कई मामले दर्ज हैं और वह पूर्व में कई बार जेल भी जा चुका है। रामगढ़ थानाध्यक्ष हरिप्रसाद शर्मा ने बताया कि नई तकनीक, सीसीटीवी फुटेज और त्वरित पुलिस कार्रवाई की बदौलत बाइक चोरी की घटना का 14 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया गया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अपराध करने वालों को यह समझ लेना चाहिए कि आधुनिक तकनीक के सहारे पुलिस उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार करने में सक्षम है। थानाध्यक्ष ने बताया कि हाल के दिनों में भी रामगढ़ पुलिस ने कई महत्वपूर्ण मामलों का त्वरित खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।