Home कैमूर सीमेंट लदे ट्रैक्टर ने बाइक को मारी टक्कर, दो युवकों की दर्दनाक...

सीमेंट लदे ट्रैक्टर ने बाइक को मारी टक्कर, दो युवकों की दर्दनाक मौत; चालक समेत वाहन पुलिस की गिरफ्त में

कैमूर में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रैक्टर-बाइक टक्कर में दो युवकों की मौत, वाहन जब्त

Bihar: कैमूर जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदेश चौक के समीप शनिवार शाम हुए एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब सीमेंट लदा एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर बाइक से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक ट्रैक्टर की ट्रॉली के नीचे आ गए। एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतकों की पहचान रोहतास जिले के कोचस थाना क्षेत्र स्थित एकवनी गांव निवासी श्रीनिवास राम के 16 वर्षीय पुत्र गोलू कुमार तथा रोहतास जिले के कुदरा थाना क्षेत्र के सलथुआ गांव निवासी चंद्रभूषण राम के 18 वर्षीय पुत्र दीपक राम के रूप में हुई है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

रिश्तेदार के घर जा रहे थे दोनों युवक
जानकारी के अनुसार, गोलू और दीपक शनिवार की शाम बाइक से अपने एक रिश्तेदार के घर सलथुआ जा रहे थे। इसी दौरान चंदेश चौक के समीप सामने से आ रहे सीमेंट लदे ट्रैक्टर से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद दोनों युवक ट्रॉली के नीचे फंस गए और ट्रैक्टर उन्हें रौंदते हुए आगे बढ़ गया।
हादसे में गोलू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दीपक को तत्काल उपचार के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेजा गया। चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद देर रात उसकी भी मौत हो गई।

तीसरे घायल को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं
घटना के बाद स्थानीय स्तर पर एक तीसरे युवक के भी घायल होने की चर्चा रही। बताया गया कि वह नुआंव थाना क्षेत्र के पुरानीकोट गांव का निवासी है और हादसे में उसका पैर टूट गया है। हालांकि, कुढ़नी थाना अध्यक्ष आनंद कुमार ने इस संबंध में कहा कि घटनास्थल पर बाइक के साथ केवल दो ही युवक गिरे हुए मिले थे। तीसरे घायल की जानकारी पुलिस के पास नहीं है।

ट्रैक्टर जब्त, चालक हिरासत में
दुर्घटना की सूचना मिलते ही कुढ़नी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को चालक सहित कब्जे में ले लिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जिसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिए गए। थाना प्रभारी आनंद कुमार ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है तथा उसके दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में ट्रैक्टर का संबंध मोहनिया क्षेत्र से होने की जानकारी मिली है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

शोक में डूबे परिजन, गांव में पसरा मातम
एक ही हादसे में दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही दोनों गांवों में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद क्षेत्र में मातम का माहौल बना हुआ है।

 

Exit mobile version