Home सारण सायरन और फर्जी पुलिस वर्दी का खेल, ज्वेलर्स को अगवा कर लूटे...

सायरन और फर्जी पुलिस वर्दी का खेल, ज्वेलर्स को अगवा कर लूटे लाखों के गहने

सारण में फर्जी पुलिस बनकर ज्वेलर्स से लूट, सायरन बजाकर नौ लाख के जेवर लेकर फरार

Bihar: सारण जिले में अपराधियों ने बेहद शातिर तरीके से दो ज्वेलरी कारोबारियों को निशाना बनाते हुए फिल्मी अंदाज में बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। खुद को विशेष जांच टीम बताकर पहुंचे बदमाशों ने सायरन बजाती गाड़ी से कारोबारियों की कार रुकवाई, फिर घंटों तक अलग-अलग इलाकों में घुमाने के बाद करीब नौ लाख रुपये के जेवर, नकदी, मोबाइल और अन्य सामान लूटकर फरार हो गए।  मिली जानकारी के अनुसार मढ़ौरा निवासी विकास कुमार और तरैया निवासी संदीप कुमार शुक्रवार रात पटना से आभूषण खरीदकर चालक अफरोज के साथ स्विफ्ट कार से वापस लौट रहे थे।
NS News

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

देर रात दरियापुर इलाके से गुजरने के दौरान पीछे से सायरन बजाती एक गाड़ी ने उनकी कार को ओवरटेक कर रोक लिया। गाड़ी से उतरे छह लोगों ने चेहरा ढंका हुआ था और खुद को स्पेशल जांच टीम का अधिकारी बताते हुए वाहन की जांच शुरू कर दी।
कुछ देर बाद बदमाशों ने दोनों कारोबारियों को अपनी गाड़ी में बैठा लिया, जबकि उनके साथी व्यवसायियों की कार लेकर पीछे-पीछे चलते रहे। अपराधियों ने जांच और पूछताछ के नाम पर उन्हें कई इलाकों में घुमाया। बताया जा रहा है कि गिरोह सोनहो चौक, गड़खा, अमनौर, मढ़ौरा, तेजपुरवा, पटेढ़ी और खैरा होते हुए गौरा थाना क्षेत्र तक पहुंचा। इस दौरान बदमाश लगातार सायरन बजाते रहे ताकि किसी को शक न हो।

पीड़ितों ने बताया कि अपराधियों के पास हथियार थे और रास्ते भर उन्हें डराया-धमकाया जाता रहा। विरोध करने पर मारपीट भी की गई। करीब दो घंटे तक इधर-उधर घुमाने के बाद सुनसान इलाके में बदमाशों ने दोनों कारोबारियों से लाखों रुपये के जेवरात, नकदी, मोबाइल फोन, सोने की चेन, अंगूठी और वाहन की चाभी छीन ली और फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ितों को रास्ते में एक मोबाइल फोन मिला, जिससे उन्होंने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। बाद में सोनपुर डीएसपी समेत कई थानों की पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों के संभावित भागने के रास्तों की जांच कर रही है। वहीं पीड़ित कारोबारियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अपराधी घंटों तक सायरन बजाकर मुख्य सड़कों पर घूमते रहे, लेकिन कहीं भी उनकी जांच नहीं हुई। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

 

Exit mobile version