Home मोहनिया सड़क दुर्घटना में घायल डेयरी प्लांट मैनेजर की इलाज के दौरान मौत,...

सड़क दुर्घटना में घायल डेयरी प्लांट मैनेजर की इलाज के दौरान मौत, नाबालिग चालक को पुलिस ने किया विधि विरुद्ध

कैमूर डेयरी के प्लांट मैनेजर की सड़क हादसे में मौत, ई-रिक्शा चालक गिरफ्तार

Bihar: कैमूर डेयरी के प्लांट मैनेजर की सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना से डेयरी कर्मियों और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल ई-रिक्शा को जब्त कर लिया है तथा नाबालिग चालक को विधि विरुद्ध कर लिया है। जानकारी के अनुसार, नालंदा जिले के निवासी मुकेश कुमार सिन्हा, जो मोहनियां स्थित कैमूर डेयरी में प्लांट मैनेजर के पद पर कार्यरत थे, रविवार की सुबह रोजाना की तरह टहलने के लिए निकले थे। वे मोहनियां-भभुआ मुख्य मार्ग पर पैदल भ्रमण कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रहे एक ई-रिक्शा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

टक्कर लगते ही मुकेश कुमार सिन्हा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें उठाकर अनुमंडल अस्पताल, मोहनियां पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। जांच में सिर में गंभीर चोट की पुष्टि होने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर, वाराणसी रेफर कर दिया गया। परिजनों और चिकित्सकों की तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और रविवार की देर शाम इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। रात में परिजन उनका शव लेकर मोहनियां पहुंचे, जिसके बाद परिवार में मातम छा गया।

मामले की पुष्टि करते हुए मोहनियां थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में प्राप्त आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने सोमवार को घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर ई-रिक्शा और चालक की पहचान कर ली गई। पुलिस ने दुर्घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा को जब्त कर लिया है तथा चालक को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में चालक के नाबालिग होने की जानकारी सामने आई है, जिसके मद्देनजर किशोर न्याय अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे ने न केवल कैमूर डेयरी परिवार को झकझोर दिया है, बल्कि सड़क सुरक्षा और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के गंभीर खतरे को भी एक बार फिर उजागर कर दिया है।

Exit mobile version