Home रामगढ़ वाराणसी गया था परिवार, पीछे से चोरों ने छत के रास्ते घर...

वाराणसी गया था परिवार, पीछे से चोरों ने छत के रास्ते घर में किया प्रवेश; लाखों की चोरी

Bihar: कैमूर जिले के रामगढ़ नगर पंचायत क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार की रात वार्ड संख्या 9 में एक बंद मकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए सोने के आभूषण, पंखे, टुल्लू पंप, विद्युत उपकरण और बर्तन समेत करीब दो लाख रुपये मूल्य के सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की जानकारी घर लौटने के बाद गृहस्वामी को हुई।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रामगढ़ थाना

जानकारी के अनुसार, वार्ड 9 निवासी संजय तिवारी शुक्रवार को अपने परिवार के साथ घर में ताला बंद कर वाराणसी गए थे। इसी दौरान चोरों ने सुनसान घर का फायदा उठाया और ईंट के डाढ़ा के सहारे छत पर चढ़ गए। इसके बाद छत के रास्ते घर के अंदर दाखिल होकर कमरों में रखे सामान को खंगाला। गृहस्वामी के मुताबिक, वाराणसी से लौटने पर घर के कमरों के दरवाजों के ताले टूटे मिले। जब उन्होंने अंदर जाकर जांच की तो एक कमरे में रखे बक्से का ताला भी टूटा हुआ था। बक्से में रखी सोने की सिकड़ी के अलावा घर में लगे चार पंखे, विद्युत उपकरण, टुल्लू पंप और कई बर्तन गायब मिले। पीड़ित परिवार ने चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब दो लाख रुपये बताई है।

घटना के बाद संजय तिवारी ने रामगढ़ थाना पुलिस को इसकी सूचना दी और प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। इधर, रामगढ़ क्षेत्र में चोरी की एक अन्य घटना में बंदीपुर पेट्रोल पंप के समीप धनंजय पांडेय के निर्माणाधीन मकान परिसर को चोरों ने निशाना बनाया। यहां से अज्ञात चोर सबमर्सिबल पंप का स्टार्टर और तार चोरी कर फरार हो गए। एक ही क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि बंद मकानों और निर्माणाधीन भवनों को चोर आसानी से निशाना बना रहे हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।

 

Exit mobile version