Home कैमूर 11 और 12 दिसंबर को होगा माँ मुंडेश्वरी महोत्सव-2026, भगवानपुर धर्मशाला परिसर...

11 और 12 दिसंबर को होगा माँ मुंडेश्वरी महोत्सव-2026, भगवानपुर धर्मशाला परिसर में सजेगा सांस्कृतिक मंच

कैमूर में 11-12 दिसंबर को होगा माँ मुंडेश्वरी महोत्सव-2026, तैयारियां शुरू

Bihar: कैमूर जिले की धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने के उद्देश्य से इस वर्ष माँ मुंडेश्वरी महोत्सव-2026 का आयोजन 11 और 12 दिसंबर को किया जाएगा। दो दिवसीय महोत्सव का आयोजन भगवानपुर स्थित धर्मशाला परिसर में होगा। आयोजन को भव्य और यादगार बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में 18 नवंबर को जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन की रूपरेखा तय करने के साथ विभागवार जिम्मेदारियां निर्धारित करने का निर्देश दिया गया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS news

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दिखेगी कैमूर की लोक संस्कृति

बैठक में जिला पदाधिकारी ने कहा कि माँ मुंडेश्वरी महोत्सव जिले की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है। इसके माध्यम से कैमूर की समृद्ध कला, लोक परंपराओं और पर्यटन की संभावनाओं को व्यापक पहचान मिलेगी। महोत्सव के दौरान स्थानीय एवं प्रसिद्ध कलाकारों की सहभागिता से लोकगीत, लोकनृत्य, पारंपरिक संगीत और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। खास बात यह होगी कि स्थानीय और नवोदित कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए विशेष अवसर उपलब्ध कराया जाएगा। कैमूर के अलावा दूसरे जिलों के प्रतिभाशाली कलाकारों को भी अपनी प्रस्तुतियां देने का मौका मिलेगा।

ऑनलाइन पंजीकरण से कलाकारों को मिलेगा मौका

महोत्सव में अपनी प्रस्तुति देने के इच्छुक कलाकार एवं प्रतिभागी कैमूर जिला की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध ऑनलाइन फॉर्म के माध्यम से पंजीकरण कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम, पंजीकरण और अन्य विस्तृत जानकारी के लिए जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय, कैमूर में संपर्क किया जा सकता है। जिला प्रशासन ने जिले के कलाकारों, युवाओं और सांस्कृतिक प्रतिभाओं से महोत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।

सुरक्षा से लेकर मंच और दर्शकों की सुविधा तक होगी विशेष व्यवस्था

जिला पदाधिकारी ने आयोजन स्थल पर भव्य मुख्य मंच, बेहतर साउंड सिस्टम, प्रकाश व्यवस्था, पंडाल और दर्शकों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही पेयजल, स्वच्छता, शौचालय, पार्किंग, यातायात प्रबंधन और अतिथियों एवं कलाकारों के स्वागत-सत्कार की व्यवस्था भी दुरुस्त रखने को कहा गया। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, अग्निशमन व्यवस्था, प्राथमिक चिकित्सा, आपातकालीन सेवाएं, सीसीटीवी निगरानी और आवश्यक बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। महोत्सव स्थल की साफ-सफाई और आकर्षक साज-सज्जा के साथ पर्याप्त कर्मियों की तैनाती का निर्देश दिया गया।

तैयारियों के लिए गठित होंगी अलग-अलग समितियां

आयोजन को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया जाएगा। प्रत्येक समिति में संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों की जिम्मेदारी तय होगी। सभी विभागों को अपनी आवश्यकताओं का आकलन कर कार्ययोजना तैयार करने और बजट का अनुमान समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। महोत्सव के प्रचार-प्रसार के लिए प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और सोशल मीडिया का भी प्रभावी उपयोग किया जाएगा। जिला प्रशासन का मानना है कि माँ मुंडेश्वरी महोत्सव के माध्यम से कैमूर की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिलेगी। साथ ही स्थानीय कलाकारों को मंच मिलने के साथ जिले में धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

 

Exit mobile version