Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

मृतका की पहचान मोहनिया थाना क्षेत्र के पतेलवा गांव निवासी घूर फेंकन पाल की 15 वर्षीय पुत्री काजल कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, काजल कुछ समय के लिए अपनी बहन के घर मोहनपुर गांव आई हुई थी। बुधवार की रात खाना खाने के बाद परिवार के अन्य सदस्यों के साथ वह सोने चली गई। इसी दौरान सोते समय बेड पर मौजूद सांप ने उसे डंस लिया। किशोरी ने रात में किसी को इसकी जानकारी नहीं दी और वह चुपचाप सोती रही। सुबह जब उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो काजल ने घरवालों को बताया कि उसे रात में सांप ने काट लिया था। इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के बजाय पहले पढ़ौती गांव में झाड़फूंक कराने के लिए लेकर पहुंचे। काफी समय तक झाड़फूंक कराने के बाद भी जब किशोरी की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ तो परिजन उसे आनन-फानन में इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल लेकर पहुंचे।
सदर अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने जांच के बाद काजल को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक द्वारा मौत की पुष्टि किए जाने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और अस्पताल परिसर में चीख-पुकार शुरू हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं, मृतका के परिजनों ने जिला प्रशासन और सरकार से सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा देने की मांग की है।
बारिश के मौसम में सांप और अन्य जहरीले जीव-जंतुओं के घरों में घुसने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। घर में सोने से पहले बिस्तर, कपड़े और आसपास के स्थानों की अच्छी तरह जांच करनी चाहिए। सांप या किसी अन्य जहरीले जीव के काटने की स्थिति में झाड़फूंक या घरेलू उपचार में समय गंवाने के बजाय तुरंत नजदीकी सरकारी अथवा मान्यता प्राप्त अस्पताल में पहुंचकर चिकित्सकीय उपचार कराना चाहिए। समय पर इलाज मिलने से कई मामलों में मरीज की जान बचाई जा सकती है।