Home चैनपुर 3 साल के मासूम को बाइक पर बैठाकर ले गया युवक, परिजनों...

3 साल के मासूम को बाइक पर बैठाकर ले गया युवक, परिजनों को अलग-अलग जगह बुलाकर किया गुमराह; अनहोनी की आशंका

चैनपुर में 3 साल के बच्चे को युवक ले गया, परिजनों में मचा हड़कंप

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के तिवई गांव में तीन वर्षीय बच्चे को एक युवक द्वारा घरवालों की जानकारी के बिना अपने साथ ले जाने का मामला सामने आया है। बच्चे के वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। युवक द्वारा फोन पर बच्चे को वापस पहुंचाने की बात कहकर परिजनों को अलग-अलग स्थानों पर बुलाने से मामला और संदिग्ध हो गया। परिजनों ने बच्चे के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए चैनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। तिवई गांव निवासी बहादुर बिंद ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 3 अगस्त को करीब 11 बजे उनके साला का पुत्र पप्पू बिंद, ग्राम सिजुआ, थाना सोनहन, उनके घर आया था। युवक का परिवार के यहां पहले से आना-जाना था।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

इसी दौरान वह उनके तीन वर्षीय पोते रितेश कुमार को बहला-फुसलाकर मोटरसाइकिल पर बैठाकर घर से लेकर चला गया। परिवार के किसी सदस्य को इसकी जानकारी नहीं थी। आवेदन के मुताबिक युवक अपने साथ घर का नोकिया कंपनी का मोबाइल फोन भी ले गया। बच्चे के गायब होने की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने युवक से फोन पर संपर्क किया। युवक ने बच्चे को वापस पहुंचाने की बात कही, लेकिन हर बार अलग-अलग स्थान बताता रहा। एक बार उसने परिजनों को भभुआ स्थित हनुमान मंदिर के पास पहुंचकर बच्चे को ले जाने के लिए कहा। परिजन जब भभुआ हनुमान मंदिर पहुंचे तो वहां युवक और बच्चा दोनों नहीं मिले।

इसके बाद परिवार के लोगों ने आसपास और अन्य संभावित स्थानों पर काफी खोजबीन की, लेकिन बच्चे के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। लगातार संपर्क करने के प्रयास के बावजूद स्थिति स्पष्ट नहीं होने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। बहादुर बिंद ने अपने आवेदन में युवक को बदमाश प्रवृत्ति का बताते हुए तीन वर्षीय बच्चे के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताई है। उन्होंने पुलिस से बच्चे को सकुशल बरामद करने और युवक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि बच्चे को बिना बताए घर से ले जाने के संबंध में आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

 

Exit mobile version