Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मिली जानकारी के अनुसार, धनिहारी गांव निवासी तपेश्वर राम की करीब 45 वर्षीय पत्नी शारदा देवी रक्षा बंधन के अवसर पर अपनी दोनों बेटियों 17 वर्षीय आसमानी कुमारी और करीब 7 वर्षीय रौशनी कुमारी के साथ अपने मायके डभरिया गांव गई थीं। शुक्रवार को रक्षा बंधन का त्योहार संपन्न होने के बाद शनिवार शाम वह दोनों बेटियों के साथ टेम्पो से अपने ससुराल धनिहारी लौट रही थीं। बताया जाता है कि खामीदौरा पंचायत सरकार भवन के समीप मां और दोनों बेटियां सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने तीनों को टक्कर मार दी। हादसे में शारदा देवी और उनकी दोनों बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए शारदा देवी को वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, जहां पहुंचते ही चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, दोनों घायल बेटियों का इलाज चंदौली के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। महिला की मौत की सूचना मिलते ही धनिहारी गांव स्थित उनके घर में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है और टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।



