Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

जानकारी के अनुसार, रामगढ़ थाना क्षेत्र के विदामनचक गांव निवासी विनोद साह मोहनियां शहर में किराए के मकान में रहकर हलवाई का काम करते हैं। बताया जाता है कि शुक्रवार रात वह अपने परिवार के साथ घर के बाहर बरामदे में सो रहे थे। इसी दौरान चोरों ने कमरे में प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
शनिवार सुबह जब परिवार की नींद खुली तो कमरे के भीतर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा मिला। सामान की जांच करने पर पता चला कि कमरे से एक स्मार्टफोन, नकदी और आभूषण गायब हैं। पीड़ित के अनुसार चोरी हुए सामान में करीब 35 हजार रुपये मूल्य का सोने का मंगलसूत्र, 12 हजार रुपये की चांदी की पैजनी तथा 12 हजार रुपये नकद शामिल हैं।
घटना के बाद आसपास खोजबीन करने पर उनकी पत्नी का खाली पर्स घर के समीप एक खेत से बरामद हुआ। इसके बाद पीड़ित ने मोहनियां थाना पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित आवेदन दिया। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। मोहनियां थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि चोरी की सूचना प्राप्त हुई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
चोरी की इस घटना से स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि रात के समय बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस गश्त को और प्रभावी बनाने की आवश्यकता है।