Home मोहनिया पत्तल की दुकान से बिक रही थी प्रतिबंधित ट्रामाडॉल, पुलिस ने दो...

पत्तल की दुकान से बिक रही थी प्रतिबंधित ट्रामाडॉल, पुलिस ने दो को दबोचा

मोहनियां में प्रतिबंधित ट्रामाडॉल के साथ दो गिरफ्तार, दुकान से 52 टैबलेट बरामद

गिरफ्तार आरोपित

Bihar: कैमूर जिले में प्रतिबंधित दर्द निवारक दवा ट्रामाडॉल की अवैध बिक्री का मामला सामने आया है। मोहनियां थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पहले एक बाइक सवार युवक को पकड़ा, जिसके पास से ट्रामाडॉल की 15 गोलियां बरामद हुईं। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर एक पत्तल दुकान में छापेमारी की गई, जहां से भी प्रतिबंधित दवा की खेप बरामद हुई।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

मोहनियां थानाध्यक्ष आलोक कुमार के अनुसार, रविवार को थाना क्षेत्र के पसपिपरा के पास एनएच-30 पर पुलिस गश्त कर रही थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर बाइक सवार एक युवक को रोककर तलाशी ली गई। युवक की पहचान भभुआ वार्ड संख्या 15 निवासी परवेज आलम के पुत्र दानिश अली के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसकी जेब से ट्रामाडॉल की 15 टैबलेट बरामद की गईं। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

पूछताछ में दानिश ने पुलिस को बताया कि उसने यह दवा भभुआ वार्ड संख्या 25 निवासी दीनदयाल सिंह के पुत्र अमित कुमार की दुकान से खरीदी थी। अमित की पत्तल की दुकान मोहनियां के एकता चौक के समीप राम जानकी मंदिर के पास स्थित बताई गई। जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने ड्रग इंस्पेक्टर की मौजूदगी में उक्त दुकान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान दुकान से ट्रामाडॉल की 52 टैबलेट बरामद की गईं। इसके बाद पुलिस ने अमित कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में अमित ने बताया कि वह ट्रामाडॉल की 10 गोलियां 100 रुपये में बेचता था। मामले में बरामद दवाओं को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में ड्रग इंस्पेक्टर अभिषेक चौहान, किरण सहित मोहनियां थाना पुलिस के जवान शामिल रहे।

 

Exit mobile version