Home मोहनिया बगीचे में सो रहे युवक पर देर रात हमला, कंधे में गोली...

बगीचे में सो रहे युवक पर देर रात हमला, कंधे में गोली लगने से गंभीर; वाराणसी रेफर

कैमूर: बगीचे में सो रहे युवक को अज्ञात बदमाशों ने मारी गोली, गंभीर हालत में वाराणसी रेफर

Bihar: कैमूर जिले के मोहनियां थाना क्षेत्र के कौड़ीराम गांव में रविवार देर रात एक युवक पर अज्ञात बदमाशों ने उस समय जानलेवा हमला कर दिया, जब वह अपने परिजनों के साथ बगीचे में सो रहा था। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए वाराणसी के हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस हमलावरों की तलाश में जुट गई है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

घायल की पहचान रोहतास जिले के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के पटेल नगर निवासी कमलेश खरवार के 20 वर्षीय पुत्र सूर्यवंशी खरवार के रूप में हुई है। घायल की पत्नी सुनीता देवी ने बताया कि रविवार की रात पूरा परिवार बगीचे में सो रहा था। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। जब उनकी नींद खुली तो देखा कि सूर्यवंशी खून से लथपथ पड़ा था और दर्द से तड़प रहा था। रात में अंधेरा होने के कारण वह हमलावरों की पहचान नहीं कर सकीं। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना डायल-112 पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायल को तत्काल मोहनियां अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया।

घटना की जानकारी मिलने पर मोहनियां थानाध्यक्ष आलोक कुमार भी अस्पताल पहुंचे और घायल व उसके परिजनों से घटना की जानकारी ली। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. मलय मिश्रा ने बताया कि युवक के कंधे में गोली लगी थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर भेजा गया। थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि कौड़ीराम गांव में बगीचे में सो रहे युवक को अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर घायल किया है। फिलहाल हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि समाचार लिखे जाने तक इस मामले में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ था। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।

 

Exit mobile version