Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मोहनियां थानाध्यक्ष आलोक कुमार के अनुसार, रविवार को थाना क्षेत्र के पसपिपरा के पास एनएच-30 पर पुलिस गश्त कर रही थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर बाइक सवार एक युवक को रोककर तलाशी ली गई। युवक की पहचान भभुआ वार्ड संख्या 15 निवासी परवेज आलम के पुत्र दानिश अली के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसकी जेब से ट्रामाडॉल की 15 टैबलेट बरामद की गईं। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पूछताछ में दानिश ने पुलिस को बताया कि उसने यह दवा भभुआ वार्ड संख्या 25 निवासी दीनदयाल सिंह के पुत्र अमित कुमार की दुकान से खरीदी थी। अमित की पत्तल की दुकान मोहनियां के एकता चौक के समीप राम जानकी मंदिर के पास स्थित बताई गई। जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने ड्रग इंस्पेक्टर की मौजूदगी में उक्त दुकान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान दुकान से ट्रामाडॉल की 52 टैबलेट बरामद की गईं। इसके बाद पुलिस ने अमित कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में अमित ने बताया कि वह ट्रामाडॉल की 10 गोलियां 100 रुपये में बेचता था। मामले में बरामद दवाओं को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में ड्रग इंस्पेक्टर अभिषेक चौहान, किरण सहित मोहनियां थाना पुलिस के जवान शामिल रहे।



