Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

घटना की सूचना मिलते ही बेलाव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। सभी घायलों को इलाज के लिए रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद छह गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया। चिकित्सकों के अनुसार सभी की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। घटना के बाद देर रात करीब 1:30 बजे दोनों पक्षों ने बेलाव थाने में अलग-अलग शिकायत दर्ज कराई। सरैया टोला निवासी विगनी देवी ने 20 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई, जबकि सोनवर्षा गांव की प्रमिला देवी ने 14 नामजद और 15 अज्ञात लोगों पर मारपीट और हमला करने का आरोप लगाया। दोनों मामलों में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बेलाव पुलिस ने करमचट और भगवानपुर थाना पुलिस के सहयोग से संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान दोनों पक्षों के कुल 16 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार लोगों में सोनवर्षा गांव के नौ आरोपी, जिनमें एक विधि-विरुद्ध बालक भी शामिल है, तथा सरैया टोला के सात आरोपी शामिल हैं। सभी को सोमवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। मारपीट में सोनवर्षा गांव के 10 तथा सरैया टोला के आठ लोग घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर करीब 34 लोगों को अभियुक्त बनाया गया है। फरार आरोपितों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। प्रभारी थानाध्यक्ष रोम कुमारी ने बताया कि क्षेत्र में एहतियात के तौर पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।