Home चैनपुर दो साल से लापता बेटे का सुराग नहीं, पिता ने ससुराल पक्ष...

दो साल से लापता बेटे का सुराग नहीं, पिता ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या कर शव गायब करने का आरोप

कैमूर में दो साल से लापता बेटे की हत्या का आरोप, ससुराल पक्ष पर FIR की मांग

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में एक युवक के करीब दो वर्षों से लापता रहने का मामला अब गंभीर आरोपों के साथ सामने आया है। युवक के पिता ने अपनी बहू और उसके मायके पक्ष के लोगों पर बेटे को गायब करने तथा उसकी हत्या कर साक्ष्य छिपाने का आरोप लगाया है। मामले में न्याय की गुहार लगाते हुए पिता ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। न्यायालय से प्राप्त परिवाद के आधार पर चैनपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मामला चैनपुर थाना क्षेत्र के सुहावल गांव का है। यहां के निवासी राजकुमार सिंह, पिता स्वर्गीय रामकृत सिंह ने अपने पुत्र बृजभार सिंह के लापता होने को लेकर न्यायालय में परिवाद दर्ज कराया है। परिवाद में उन्होंने बताया है कि 2 अक्टूबर 2023 को उनका पुत्र अपनी पत्नी ममता देवी को विदा कराकर लाने के लिए उसके मायके चिताढ़ी गांव गया था। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

पुत्र के दो दिनों तक घर नहीं लौटने पर पिता को चिंता हुई। वह उसकी तलाश में चिताढ़ी गांव पहुंचे और बहू सहित उसके मायके पक्ष के लोगों से पूछताछ की। इस दौरान ममता देवी और परिवार के नगीना सिंह, बाबूलाल सिंह सहित अन्य लोगों ने बताया कि बृजभार सिंह वहां आए थे, लेकिन बाद में मुंबई कमाने चले गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि युवक ने छह महीने बाद वापस आने की बात कही है। हालांकि, बेटे के मुंबई जाने की जानकारी पिता को पहले से नहीं थी। इसके बावजूद उन्होंने ससुराल पक्ष के लोगों की बात पर विश्वास कर लिया और वापस लौट आए। छह महीने बीतने के बाद भी जब पुत्र घर नहीं लौटा तो पिता दोबारा उसके ससुराल पहुंचे। वहां उन्हें बताया गया कि युवक से बातचीत हुई है और वह कुछ और पैसे कमाने के बाद छह महीने में वापस आएगा।

इस तरह समय बीतता गया और करीब एक साल गुजर जाने के बाद भी बेटे का कोई पता नहीं चला। परेशान पिता एक बार फिर बहू के मायके पहुंचे और ससुराल पक्ष के लोगों से बेटे से बातचीत कराने की मांग की। आरोप है कि इस बात पर ससुराल पक्ष के लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज की और वहां से भगा दिया। साथ ही कहा कि उन्होंने उनके बेटे का ठेका नहीं ले रखा है। इसके बाद पिता ने चैनपुर थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत करनी चाही। उनका आरोप है कि उस समय थाने में एक साल तक शिकायत नहीं करने की बात कहते हुए उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। आखिरकार निराश होकर उन्होंने न्यायालय की शरण ली और परिवाद दायर किया। पिता ने न्यायालय में आरोप लगाया है कि उनके पुत्र बृजभार सिंह की हत्या कर शव को गायब कर दिया गया है। उनका दावा है कि ससुराल पक्ष के लोग सच्चाई छिपाने के उद्देश्य से अलग-अलग बातें बताकर उन्हें गुमराह करते रहे हैं।

न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने शुरू की जांच

मामले में चैनपुर थानाध्यक्ष गिरीश कुमार ने बताया कि न्यायालय से प्राप्त परिवाद के आधार पर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा। फिलहाल युवक के लापता होने और हत्या किए जाने का आरोप पिता की ओर से लगाया गया है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Exit mobile version