Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

नौघरा मोड़ पर पुलिस ने दबोचा शराब तस्कर
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश से शराब की खेप लेकर एक बाइक सवार छितमपुर होते हुए नौघरा के रास्ते भभुआ की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष गिरीश कुमार के निर्देश पर पुलिस टीम ने नौघरा मोड़ के समीप वाहन जांच शुरू कर दी। इसी दौरान नौघरा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक पल्सर बाइक को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर बाइक सवार भागने लगा, लेकिन सशस्त्र बलों के सहयोग से उसे पकड़ लिया गया। बाइक पर बंधे बोरे की तलाशी लेने पर अलग-अलग ब्रांड की कुल 52.95 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामद शराब में रॉयल स्टैग सुपीरियर व्हिस्की की 750 एमएल की 24 बोतल, रॉयल स्टैग की 375 एमएल की 50 बोतल और एट पीएम के 90 टेट्रा पैक शामिल हैं, तस्कर चांद थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है, जो फिलहाल भभुआ में रहता है। पुलिस ने शराब और बाइक जब्त कर उसके विरुद्ध कार्रवाई शुरू कर दी है।
शराब पीकर हंगामा कर रहे 10 लोग गिरफ्तार
वहीं, दूसरी कार्रवाई में चैनपुर पुलिस ने थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर शराब पीकर हंगामा कर रहे 10 लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार लोगों की पहचान चांद थाना क्षेत्र के लोहदन गांव निवासी बब्लू मल्लाह, छोटका अमाव निवासी विवेक कुमार एवं रवि कुमार, बहेरिया निवासी रवि कुमार, उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के मेगरौली निवासी चंदन कुमार, सहदुल्लापुर निवासी अमरजीत, दूबे के सरैया निवासी अभिमन्यु यादव, चैनपुर बाजार निवासी दिलीप डोम एवं अजय डोम तथा सिकंदरपुर निवासी सुनील यादव के रूप में हुई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष गिरीश कुमार ने बताया कि दिलीप डोम और अजय डोम चैनपुर बाजार में शराब पीकर हंगामा कर रहे थे, जबकि अन्य लोग थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर शराब पीकर हंगामा कर रहे थे। उनके व्यवहार से परेशान होकर ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर सभी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सशस्त्र बलों के सहयोग से उन्हें पकड़ लिया गया। मेडिकल जांच में शराब पीने की पुष्टि होने के बाद सभी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। इस तरह चैनपुर थाना क्षेत्र में एक ही अभियान के दौरान शराब तस्कर सहित शराब पीकर हंगामा करने के आरोप में 10 लोगों की गिरफ्तारी की गई है।