Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

गंगा स्नान के दौरान हुआ विवाद, हत्या की कोशिश का आरोप
घायल महिला कलावती देवी, पति बीनो मंडल ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह सोमवार को अपने परिजनों के साथ मनियारचक गंगा घाट पर स्नान करने गई थीं। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले जानों मंडल के परिवार की एक महिला से कहासुनी शुरू हो गई। पीड़िता का आरोप है कि विवाद के दौरान पहले उन्हें गंगा के पानी में डुबोकर मारने का प्रयास किया गया। जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपित पक्ष ने उन पर तलवार से हमला कर दिया। तलवार के कई वार लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ीं।
एक साल पुराने हादसे के बाद से चल रहा था विवाद
महिला ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले पड़ोसी परिवार के एक युवक की गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई थी। उस घटना के बाद से ही पड़ोसी परिवार उन्हें डायन मानकर प्रताड़ित करता था। इसी अंधविश्वास को लेकर दोनों परिवारों के बीच तनाव बना हुआ था।
स्थानीय लोगों ने बचाई जान
हमले के दौरान घाट पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह महिला को आरोपितों के चंगुल से बचाया। इसके बाद परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत मुंगेर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार महिला के शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान हैं।
पुलिस ने तलवार बरामद कर आरोपी को दबोचा
घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष विपिन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में इस्तेमाल की गई तलवार भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में अंधविश्वास और पुरानी दुश्मनी को घटना का प्रमुख कारण माना जा रहा है।