Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
सम्राट चौधरी ने कहा कि मां मुंडेश्वरी धाम के साथ-साथ मां ताराचंडी, तुतला भवानी और गुप्ता धाम जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों को भी वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने के लिए विशेष योजना बनाई जा रही है। इन स्थलों तक पहुंच को आसान बनाने के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने पर भी सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कैमूर की प्राकृतिक सुंदरता और पहाड़ी क्षेत्र इसे पर्यटन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण बनाते हैं। सरकार जिले को एक बड़े टूरिस्ट हब के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही मुंडेश्वरी धाम परिसर स्थित धर्मशाला का भी जीर्णोद्धार कराया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
हर प्रखंड में खुलेंगे मॉडल स्कूल
शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा ऐलान करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले दो वर्षों के भीतर बिहार के सभी प्रखंडों में अत्याधुनिक मॉडल स्कूल स्थापित किए जाएंगे। इन स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की भी व्यवस्था होगी, ताकि छात्रों को नीट, जेईई और आईआईटी जैसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए राज्य से बाहर न जाना पड़े। उन्होंने कहा कि इन स्कूलों में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बच्चों को भी पढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, जिससे सरकारी शिक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।
बिहार में खुलेगी बीएचयू की शाखा
मुख्यमंत्री ने कहा कि कैमूर और आसपास के जिलों के बड़ी संख्या में छात्र उच्च शिक्षा के लिए वाराणसी स्थित बीएचयू जाते हैं। इसे देखते हुए अधिकारियों को बिहार में बीएचयू की शाखा स्थापित करने की संभावनाओं पर कार्य करने का निर्देश दिया गया है।
शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर
जनता की समस्याओं के समाधान को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में चल रहे सहयोग शिविरों के माध्यम से लाखों आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें अधिकांश का निस्तारण किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि यदि कोई अधिकारी निर्धारित समयसीमा में मामलों का निपटारा नहीं करता है तो उसके खिलाफ चरणबद्ध कार्रवाई की जाती है और 30 दिनों तक आदेश लंबित रहने पर स्वतः निलंबन की व्यवस्था है।
अपराधियों को दी कड़ी चेतावनी
कानून-व्यवस्था पर सख्त रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में अपराध के लिए कोई जगह नहीं है। अपराधियों को या तो अपराध छोड़ना होगा या बिहार छोड़ना होगा। सरकार अपराध नियंत्रण के लिए पूरी दृढ़ता के साथ कार्य कर रही है।
सोलर योजना से मिलेगा बिजली बिल से राहत
ऊर्जा क्षेत्र की योजनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार 25 लाख बीपीएल परिवारों के घरों की छत पर सोलर पैनल लगाने की योजना पर काम कर रही है। इससे लाभार्थियों को आने वाले 25 वर्षों तक बिजली बिल से राहत मिलेगी। साथ ही 125 यूनिट से अधिक बिजली उत्पादन होने पर सरकार अतिरिक्त बिजली खरीदकर भुगतान भी करेगी। सभा में जिले के प्रभारी मंत्री संजय सिंह टाइगर, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो. जमा खां समेत कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।