Home मुंगेर 100 करोड़ की कथित निवेश ठगी की जांच तेज, मुंगेर में ईडी...

100 करोड़ की कथित निवेश ठगी की जांच तेज, मुंगेर में ईडी का बड़ा एक्शन, दो ठिकानों पर छापेमारी

मुंगेर 100 करोड़ ठगी मामला: ईडी की बड़ी कार्रवाई, दो ठिकानों पर छापेमारी, वित्तीय दस्तावेज जांचे

Bihar: मुंगेर जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र के नया टोला फूलका में गुरुवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित 100 करोड़ रुपये की निवेश ठगी से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई की। ईडी की टीम ने जालीवुड म्यूजिक इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े दो ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर महत्वपूर्ण दस्तावेजों, वित्तीय रिकॉर्ड और निवेश संबंधी कागजात की गहन जांच की।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

जानकारी के अनुसार, आधा दर्जन से अधिक अधिकारियों की टीम सुबह तड़के ही मौके पर पहुंची और स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई शुरू की। छापेमारी के दौरान घर में मौजूद लोगों से पूछताछ की गई तथा कई दस्तावेजों को जांच के दायरे में लिया गया। सूत्रों के मुताबिक, ईडी की जांच का फोकस मामले के प्राथमिक आरोपित जयधन तांती और प्रिया राजीव रंजन से जुड़े वित्तीय लेनदेन पर भी है। एजेंसी निवेश, बैंकिंग रिकॉर्ड और धन के प्रवाह से संबंधित साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है।

बताया जाता है कि जालीवुड म्यूजिक इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड पर चिट फंड जैसी योजना के माध्यम से निवेशकों से करोड़ों रुपये जुटाने और बाद में कार्यालय बंद कर फरार होने का आरोप है। 18 नवंबर 2024 को कंपनी के कार्यालय पर ताला लगने के बाद बड़ी संख्या में निवेशकों ने जमालपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में कांड संख्या 224/24 दर्ज किया गया था। पुलिस जांच के दौरान कंपनी के निदेशक जितेंद्र कुमार राजीव फरार हो गए थे। बाद में उन्होंने मुंगेर न्यायालय में आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद से वे न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं। अब ईडी इस पूरे मामले में धन शोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) और संदिग्ध वित्तीय लेनदेन के पहलुओं की विस्तृत जांच कर रही है।

 

Exit mobile version