Home चैनपुर डंपर की टक्कर से फल व्यवसायी की दर्दनाक मौत, दो मासूम बच्चों...

डंपर की टक्कर से फल व्यवसायी की दर्दनाक मौत, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

कैमूर सड़क हादसा: डंपर की टक्कर से फल व्यवसायी गणेश गुप्ता की मौत, परिवार में मातम

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर शाम हुए एक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। अवंखरा-हाजरा मार्ग पर बाइक और डंपर की आमने-सामने हुई टक्कर में एक फल व्यवसायी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान भभुआ नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 21 निवासी गणेश कुमार गुप्ता (46 वर्ष) के रूप में हुई है। वह फल व्यवसाय से जुड़े हुए थे और अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

निर्माणाधीन मकान देखने गए थे गणेश
मृतक के पुत्र राजा कुमार ने बताया कि उनके पिता ने चांद थाना क्षेत्र के किलनी गांव में जमीन खरीदी थी, जहां मकान निर्माण का कार्य चल रहा था। मंगलवार की शाम वह निर्माण कार्य देखने के लिए किलनी गए थे। वहां से वापस लौटने के दौरान अवंखरा-हाजरा मार्ग पर सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और गणेश कुमार गुप्ता गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने परिजनों को दी हादसे की सूचना
सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। घायल की पहचान उनके मोबाइल फोन के माध्यम से की गई और परिजनों को हादसे की जानकारी दी गई। पुलिस द्वारा उन्हें तत्काल इलाज के लिए चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को चैनपुर थाना लाकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। रात करीब दो बजे भभुआ सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी लेकर चले गए।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
गणेश कुमार गुप्ता अपने पीछे पत्नी, 13 वर्षीय पुत्र राजा कुमार और 12 वर्षीय पुत्री को छोड़ गए हैं। अचानक हुई इस दुर्घटना के बाद परिवार पूरी तरह सदमे में है। बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

आवेदन मिलने पर होगी आगे की कार्रवाई
मामले में चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि स्थानीय लोगों से सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि घटना के संबंध में आवेदन प्राप्त होने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version