Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रात में घर से निकली थी महिला
ग्रामीणों के अनुसार, सोनिया देवी की शादी करीब दस वर्ष पहले हुई थी। उनका पति मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद सोनिया देवी अपनी दोनों बेटियों को लेकर घर से निकल गई थीं। बुधवार सुबह उनका और दोनों बच्चियों का शव गड्ढे में मिला।
20 से 30 फीट गहरा था पानी भरा गड्ढा
कासमा थानाध्यक्ष अक्षवर सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में पानी में डूबने से तीनों की मौत होने की बात सामने आई है। जिस गड्ढे में शव मिले, उसमें लगभग 20 से 30 फीट तक पानी भरा हुआ था। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
हादसे के बाद उठे निर्माण एजेंसी पर सवाल
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक प्रमोद कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि इंजीनियरिंग कॉलेज निर्माण के दौरान धावा नदी के किनारे मिट्टी की खुदाई की गई थी, लेकिन बाद में बने गहरे गड्ढों को नहीं भरा गया। बरसात के दौरान इनमें पानी भर जाने से यह क्षेत्र लोगों के लिए खतरा बन गया है।
विधायक ने जिम्मेदार एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई करने तथा गड्ढों को अविलंब भरवाने की मांग की। वहीं अंचल अधिकारी भारतेंदु सिंह ने बताया कि गड्ढे को भरवाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी और सरकारी नियमों के अनुसार पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
गांव में पसरा मातम
एक साथ मां और दो मासूम बच्चियों की मौत से अरथुआ गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस खतरनाक गड्ढे को भर दिया गया होता, तो शायद यह दर्दनाक घटना टाली जा सकती थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।