Homeमोहनियाट्रेन से घर लौट रहे युवक की मोहनिया अस्पताल में मौत, शव...

ट्रेन से घर लौट रहे युवक की मोहनिया अस्पताल में मौत, शव छोड़कर महिला समेत तीन लोग फरार; CCTV से खुलेगा राज

मोहनिया अस्पताल में युवक की संदिग्ध मौत, शव छोड़कर महिला समेत 3 फरार

Bihar: कैमूर जिले के मोहनिया अनुमंडल अस्पताल परिसर में शनिवार की अहले सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक चेन्नई में काम करता था और ट्रेन से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसकी तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई। एक महिला समेत तीन लोग उसे इलाज के लिए मोहनिया अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद महिला और उसके साथ आए दोनों लोग कथित तौर पर युवक का शव अस्पताल परिसर में छोड़कर वहां से चले गए। मृतक की पहचान मोहनिया थाना क्षेत्र के अमेठ गांव निवासी राजकुमार शर्मा, पिता बाबूलाल शर्मा के रूप में हुई है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

रात में महिला ने फोन कर दी थी अस्पताल में भर्ती होने की सूचना

परिजनों के अनुसार, शनिवार की अहले सुबह करीब तीन बजे राजकुमार के मोबाइल नंबर से एक महिला ने फोन किया था। महिला ने बताया कि राजकुमार की तबीयत खराब है और वह मोहनिया अनुमंडल अस्पताल में है। इसके बाद फोन कट गया। जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो उन्हें वहां राजकुमार का शव मिला। परिजनों के मुताबिक, जिस महिला ने फोन किया था, वह राजकुमार का मोबाइल फोन भी अपने साथ लेकर चली गई।

अस्पताल की कुर्सी पर मिला शव

बताया जा रहा है कि अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने राजकुमार की जांच की और उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उसके साथ आए लोग अस्पताल से चले गए। युवक का शव अस्पताल परिसर में ही एक कुर्सी पर पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की।

चेन्नई से घर लौट रहा था राजकुमार

परिजनों ने बताया कि राजकुमार शर्मा दूसरे शहर में रहकर काम करता था। काम के सिलसिले में वह चेन्नई में रह रहा था और घर लौटने के लिए ट्रेन से सफर कर रहा था। इसी दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई। हालांकि ट्रेन में उसकी तबीयत किन परिस्थितियों में खराब हुई और उसके साथ अस्पताल पहुंचने वाले लोग कौन थे, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।

महिला और दो अन्य लोगों की तलाश में जुटी पुलिस

घटना के बाद पुलिस ने अस्पताल परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि राजकुमार को अस्पताल लेकर आने वाली महिला और उसके साथ मौजूद दोनों व्यक्ति कौन थे और वे किस परिस्थिति में युवक को अस्पताल लेकर पहुंचे थे। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि युवक की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले हुई थी या अस्पताल पहुंचने के बाद तथा उसकी तबीयत बिगड़ने की वास्तविक वजह क्या थी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण

पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया है। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। मोहनिया सर्किल इंस्पेक्टर सुनील कुमार निर्झर ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। अस्पताल की CCTV फुटेज समेत मामले से जुड़े अन्य बिंदुओं की जांच की जा रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments