Homeचैनपुरखरना का प्रसाद ग्रहण कर शुरू हुआ 36 घंटे का निर्जला उपवास,...

खरना का प्रसाद ग्रहण कर शुरू हुआ 36 घंटे का निर्जला उपवास, छठ घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

: कैमूर में खरना के साथ शुरू हुआ छठ का 36 घंटे का निर्जला व्रत, घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

Bihar: कैमूर, लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर कैमूर जिले के चैनपुर प्रखंड में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। शनिवार को खरना का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही व्रती महिलाओं का 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास शुरू हो गया। वहीं दूसरी ओर छठ पूजा की तैयारियों को लेकर चैनपुर, हाटा और खरिगावां सहित विभिन्न बाजारों में सुबह से देर शाम तक खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी रही। छठ घाटों की साफ-सफाई पूरी होने के बाद अब उन्हें आकर्षक रूप देने के लिए स्थानीय युवा और पूजा समितियों के सदस्य सजावट में जुटे हुए हैं। शनिवार को बाजारों में छठ पूजा की खरीदारी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। व्रती महिलाओं के परिजन फल, पूजन सामग्री और अन्य आवश्यक सामानों की खरीदारी करते नजर आए। नारियल, केला, सेब, संतरा, ईख, सुथनी, हल्दी, अदरक सहित अन्य पूजन सामग्रियों की दुकानों पर भीड़ लगी रही। इसके अलावा दउरा, सूप, मिट्टी के चूल्हे और पूजा में इस्तेमाल होने वाले अन्य सामानों की दुकानों पर भी खरीदारों की चहल-पहल बनी रही। बाजारों में एक साथ बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से चैनपुर, हाटा और खरिगावां में जाम की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका बनी हुई थी। इसे देखते हुए थानाध्यक्ष गिरीश कुमार के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस की टीम प्रमुख बाजारों में मुस्तैद रही। पुलिसकर्मी लगातार गश्त करते हुए यातायात व्यवस्था संभालते रहे। बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े करने वालों को बाजार से दूर निर्धारित स्थानों पर पार्किंग करने की हिदायत दी गई। पुलिस की सक्रियता से भीड़ के बावजूद आवागमन सुचारू बना रहा।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

खरना के साथ शुरू हुआ 36 घंटे का कठिन उपवास

इधर, शनिवार की शाम व्रती महिलाओं ने स्थानीय तालाबों में स्नान करने के बाद घरों में विधि-विधान से खरना की पूजा की। चावल और गुड़ से तैयार खीर तथा रोटी का प्रसाद बनाकर छठी मइया को अर्पित किया गया। इसके बाद व्रतियों ने खरना का प्रसाद ग्रहण किया और परिवार के सदस्यों तथा आसपास के लोगों के बीच भी प्रसाद वितरित किया। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास प्रारंभ हो गया। अब रविवार की शाम व्रती महिलाएं अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगी। इसके बाद सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।

रंग-बिरंगी रोशनी से सज रहे छठ घाट, सुरक्षा के विशेष इंतजाम

पर्व को लेकर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों की साफ-सफाई का कार्य पूरा कर लिया गया है। अब स्थानीय युवा और पूजा समितियों के सदस्य घाटों तथा वहां तक पहुंचने वाले रास्तों को रंग-बिरंगी लाइटों, झालरों और अन्य सजावटी सामग्रियों से सजा रहे हैं। कहीं रास्तों पर रोशनी की व्यवस्था की जा रही है, तो कहीं घाटों के आसपास आकर्षक सजावट की जा रही है। स्थानीय लोगों का प्रयास है कि अर्घ्य देने के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो। वहीं छठ पूजा के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने भी विशेष तैयारी की है। इस संबंध में चैनपुर अंचलाधिकारी मोहम्मद आमिर अजीम ने बताया कि प्रखंड क्षेत्र में अधिक भीड़ और श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले 20 छठ घाटों को चिह्नित किया गया है। इन सभी स्थानों पर गोताखोरों की व्यवस्था की गई है। साथ ही मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल की भी प्रतिनियुक्ति रहेगी। उन्होंने बताया कि घाटों पर पब्लिक अनाउंसमेंट की व्यवस्था भी की गई है। चैनपुर और हाटा के तालाबों पर दो-दो गोताखोरों को विशेष रूप से तैनात किया गया है। गोताखोरों को लाइफ जैकेट भी उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि वे पानी में लगातार निगरानी कर सकें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल मदद पहुंचाई जा सके। प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां पूरी की जा रही हैं। वहीं स्थानीय स्तर पर युवाओं और पूजा समितियों के सहयोग सेे घाटों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। छठी मइया के पारंपरिक गीतों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना हुआ है।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments