Homeरोहतासट्रेन में टीटीई बनकर यात्रियों से वसूली कर रहे थे दो युवक,...

ट्रेन में टीटीई बनकर यात्रियों से वसूली कर रहे थे दो युवक, RPF ने पकड़ा; चोरी के मोबाइल भी बरामद

ट्रेन में फर्जी टीटीई बनकर वसूली कर रहे दो युवक गिरफ्तार, चोरी के मोबाइल बरामद

Bihar: डेहरी ऑन सोन: ट्रेन में यात्रियों के टिकट जांचने के नाम पर अवैध वसूली करना दो युवकों को भारी पड़ गया। पुरुलिया-आनंद विहार एक्सप्रेस में फर्जी टीटीई बनकर यात्रियों से पैसे वसूल रहे दो युवकों को आरपीएफ ने कार्रवाई करते हुए पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपितों के पास से यात्रियों के चोरी किए गए दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को गाड़ी संख्या 14021 अप पुरुलिया-आनंद विहार एक्सप्रेस डेहरी आन सोन स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या दो पर पहुंची थी। इसी दौरान आरपीएफ की टीम ने ट्रेन के कोच एस-5 में जांच शुरू की। जांच के दौरान टीम की नजर दो ऐसे युवकों पर पड़ी, जो हाथ में कलम लेकर सो रहे यात्रियों को जगाकर उनके टिकट की जांच कर रहे थे।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

प्राधिकार पत्र मांगने पर खुली पोल

दोनों युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर आरपीएफ जवानों ने उनसे पूछताछ की और टीटीई के रूप में काम करने से संबंधित प्राधिकार पत्र मांगा। हालांकि, दोनों कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद आरपीएफ ने यात्रियों से भी पूछताछ की। बर्थ संख्या 55 और 56 पर यात्रा कर रहे यात्रियों ने बताया कि दोनों युवक खुद को टीटीई बताकर टिकट चेक कर रहे थे। कड़ाई से पूछताछ किए जाने पर दोनों ने अपनी पहचान झारखंड के गढ़वा जिले के डंडई निवासी सुनील कुमार और रोहित कुमार के रूप में बताई।

तलाशी में मिले दो चोरी के मोबाइल

आरपीएफ ने दोनों युवकों की तलाशी ली तो सुनील कुमार के पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ के दौरान आरोपित ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि दोनों मोबाइल इसी ट्रेन में यात्रियों से चोरी किए गए थे। आरपीएफ निरीक्षक राज किशोर कछवाहा के अनुसार, वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त दिनेश सिंह तोमर के निर्देशन में स्टेशन परिसर और ट्रेनों में आपराधिक गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई गई है। इसी अभियान के दौरान दोनों संदिग्धों को पकड़ा गया।

जीआरपी को सौंपे गए दोनों आरोपित

आरपीएफ ने बरामद मोबाइल फोन की जब्ती सूची तैयार करने के बाद दोनों युवकों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) को सौंप दिया। जीआरपी ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। आरपीएफ की इस कार्रवाई के बाद ट्रेन में यात्रियों से फर्जी टीटीई बनकर वसूली और चोरी करने वाले गिरोह की गतिविधियों को लेकर भी जांच की जा रही है।

 

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments